
UP में 3 दिनों तक बारिश से राहत नहीं, आसमानी आफत से गई तीन की जान
AajTak
मौसम विभाग के मुताबिक 11 अक्टूबर तक यूपी में बारिश जारी रहेगी. इस दौरान बिजली भी गिर सकती है. प्रयागराज में तीन लोगों की जान आकाशीय बिजली गिरने से चली गई. आठ लोग झुलस गए हैं जिनका इलाज अस्पताल में जारी है. मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता दी जाएगी. बीते 24 घंटे से बारिश लगातार जारी है.
उत्तर प्रदेश में 11 अक्टूबर तक बारिश जारी रहेगी. इस दौरान बिजली गिरने की भी आशंका बनी हुई है. उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान सहित दूसरे राज्यों के कई इलाकों में बीते 24 घंटे से भारी बारिश हो रही है. दिल्ली में अगले तीन-चार दिन तक लगातार बारिश की संभावनाए हैं. पूर्वी राजस्थान 11 अक्टूबर तक बारिश होने की संभावना है. यूपी के कई इलाकों में बिजली गिरने की खबरें सामने आई हैं. प्रयागराज में अलग-अलग घटनाओं में आकाशीय बिजली गिरने के कारण तीन लोगों की मौत हो गई है. आठ लोग झुलस गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मरने वालों के परिजनों को मुआवजा दिए जाने की घोषणा कर दी गई है.
प्रयागराज में आकाशीय बिजली गिरने से बीते 24 घंटे में एक महिला सहित दो पुरुषों की मौत हुई है. हंडिया थाना क्षेत्र के बिजौली गांव में 23 वर्षीय गंगाराम यादव पर बिजली गिरने से उसकी जान चली गई. मृतक अपने दोस्तों के साथ भैंस चराने गया हुआ था. तेज बारिश होने पर वो महुआ के पेड़ के नीचे छिप गया. इस बीच तेज चमक के साथ आकाश से बिजली पेड़ पर गिरी और गंगाराम की मौत हो गई. घटना के बाद से गांव में गम का माहौल है.
दूसरी मौत हंडिया तहसील के ही सरायममरेज थाना क्षेत्र के कदेहरी गांव में हुई. यहां 55 साल की सुमन देवी खाना बना रही थी. तभी तेज बिजली गिरी. जिसकी चपेट में से उसकी मौत हो गई. मौत के बाद गांव में हड़कंप मच गया. इस घटना में सुमन की बहू पूनम यादव भी झुलसी है. जिसका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है.
तीसरी मौत धूमनगंज के बमरौली में हुई. यहां भी एक पुरुष की जान गई है. साथ ही सात अन्य लोग भी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से बुरी तरह झुलस गए हैं. सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है. बताया गया है कि इनमें से कुछ लोग गंभीर बने हुए हैं.
आकाशीय बिजली गिरने से जिन लोगों की मौत हुई है. सभी के परिजनों को चार लाख रुपए का आर्थिक मुआवजा दिए जाने का ऐलान प्रशासन द्वारा किया गया है. मृतकों को शवों को पोस्ट मार्टम के लिए भेजा गया है.
मौसम की स्थिति













