
T20 World Cup: लगातार तीसरी बार सेमीफाइनल में इंग्लैंड से टकराएगा भारत, टी20 वर्ल्ड कप में किसका पलड़ा भारी? दिलचस्प हैं आंकड़े
AajTak
टी20 विश्व कप 2026 में भारत और इंग्लैंड लगातार तीसरी बार सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगे. दोनों ही टीमों का सफर बेहद शानदार रहा है. ये नॉकआउट मैच मुंबई के वानखेड़े में खेला जाएगा. इससे पहले जान लीजिए दोनों टीमों के टी20 रिकॉर्ड कैसे हैं.
आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार को टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है. अब 5 मार्च को सेमीफाइनल के नॉकआउट मैच में उसकी भिड़ंत इंग्लैंड के साथ होनी है. भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाली इस टक्कर में जो भी टीम जीतेगी वो फाइनल में चली जाएगी और 8 मार्च को अहमदाबाद में नजर आएगी. तो आइए आपको इन दोनों टीमों के बीच की राइवलरी के बारे में बताते हैं...
पहले एक नजर सभी 4 टीमों पर
इस बार 20 टीमों ने इस वर्ल्ड कप के महासमर में हिस्सा लिया था. इनमें से केवल 4 टीमें अब सेमीफाइनल के लिए सेलेक्ट हुई हैं. इनमें ग्रुप 1 से साउथ अफ्रीका और टीम इंडिया हैं. तो ग्रुप 2 से इंग्लैंड और न्यूजीलैंड ने क्वालिफाई किया है.
पहला सेमीफाइल मैच 4 मार्च को कोलकाता में साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा, जबकि दूसरा सेमीफाइनल 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े में इंग्लैंड और भारत के बीच होगा.
लगातार तीसरी बार सेमीफाइनल में भारत
एक अजब संयोग भी है. टीम इंडिया लगातार तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंचा है. और दिलचस्प ये है कि तीनों बार उसका सामना इंग्लैंड से ही तय हुआ है. इससे पहले साल 2022 और साल 2024 में जब टीम इंडिया ने सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई किया तो फिर उसकी भिड़ंत इंग्लैंड से ही हुई थी. अब ये तीसरी बार दोनों की टक्कर है.

भारत ने वेस्टइंडीज को 1 मार्च को हुए सुपर 8 मुकाबले में हरा दिया, इसके साथ ही भारतीय टीम ने 5 मार्च को इंग्लैंड संग मुंबई में होने वाले सेमीफाइनल मुकाबले के लिए जगह बना ली है. भारत की वेस्टइंडीज के खिलाफ जीत के सबसे बड़े हीरो संजू सैमसन रहे. जिन्होंने नाबाद 97 रन बनाए, उनकी इस पारी और भारत की जीत से कई शानदार रिकॉर्ड भी बने. यह भारत का टी20 वर्ल्ड कप में सबसे बड़ा रनचेज रहा.












