
कोहली-रोहित का जिक्र कर क्यों इमोशनल हो गए संजू सैमसन, WI को पीटने के बाद सुनाया डगआउट का किस्सा
AajTak
करो या मरो मुकाबले में संजू सैमसन ने 50 गेंदों में 97 रन की शानदार पारी खेलकर भारत को वेस्टइंडीज के खिलाफ ऐतिहासिक जीत दिलाई. खराब फॉर्म से जूझ रहे सैमसन ने दबाव में धैर्य दिखाया और टीम को सेमीफाइनल में पहुंचाया. मैच के बाद वह भावुक नजर आए और अपने संघर्ष भरे सफर को याद किया.
आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप में रविवार को कोलकाता के ऐतिहासिक मैदान ईडन गार्डन्स में खेले गए करो या मरो मुकाबले में भारत के बल्लेबाज संजू सैमसन ने ऐसा खेल दिखाया कि हर कोई रोमांचित हो गया. वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच जीतना बेहद जरूरी था और सैमसन ने 50 गेंदों में 97 रन की तूफानी पारी खेलकर भारत को टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचा दिया.
भारत के सामने 196 रन का बड़ा लक्ष्य था. जवाब में टीम ने 19.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया. यह टी20 विश्व कप के इतिहास में भारत की सबसे बड़ी सफल रन-चेज रही. कोलकाता की भीड़ के सामने सैमसन ने 12 चौके और 4 छक्के लगाए. दो शुरुआती विकेट जल्दी गिरने के बाद उन्होंने संभलकर पारी को आगे बढ़ाया और दबाव में भी धैर्य नहीं खोया.
क्यों इमोशनल हो गए संजू सैमसन
मैच के बाद प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार लेते समय सैमसन की आंखें नम थीं. उन्होंने कहा, यह मेरे लिए पूरी दुनिया जैसा है. जब से क्रिकेट खेलना शुरू किया, देश के लिए खेलने का सपना देखा. मैं इस दिन का इंतजार कर रहा था. मेरे करियर में उतार-चढ़ाव रहे. कई बार खुद से सवाल किया कि क्या मैं सफल हो पाऊंगा? लेकिन विश्वास नहीं छोड़ा. भगवान का शुक्र है कि आज का दिन मुझे देखने को मिला.
'कोहली और रोहित से सीखा बहुत कुछ'
सैमसन ने माना कि उन्होंने वरिष्ठ खिलाड़ियों से काफी कुछ सीखा है. उन्होंने बताया कि वह करीब दस साल से राष्ट्रीय टीम के आसपास रहे हैं और इस दौरान विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों को करीब से देखा.

भारत ने वेस्टइंडीज को 1 मार्च को हुए सुपर 8 मुकाबले में हरा दिया, इसके साथ ही भारतीय टीम ने 5 मार्च को इंग्लैंड संग मुंबई में होने वाले सेमीफाइनल मुकाबले के लिए जगह बना ली है. भारत की वेस्टइंडीज के खिलाफ जीत के सबसे बड़े हीरो संजू सैमसन रहे. जिन्होंने नाबाद 97 रन बनाए, उनकी इस पारी और भारत की जीत से कई शानदार रिकॉर्ड भी बने. यह भारत का टी20 वर्ल्ड कप में सबसे बड़ा रनचेज रहा.












