
ईरान युद्ध पर 2003 में सद्दाम हुसैन के ख़िलाफ़ हुई जंग का साया, क्या पुरानी ग़लतियां दोहराई जा रही हैं?
BBC
2003 में अमेरिका ने इराक़ पर हमला कर दिया था. अब उस इराक़ युद्ध की परछाई ईरान के साथ वर्तमान संघर्ष पर मंडरा रही है.
इराक़ की राजधानी बग़दाद के केंद्र में स्थित सद्दाम हुसैन की एक प्रतिमा को 9 अप्रैल 2003 को गिरा दिया गया था.
प्रतिमा की नींव पर लगी धातु की पट्टिका को उखाड़ दिया गया था और संगमरमर के जिस चबूतरे पर यह प्रतिमा खड़ी थी उसे हथौड़ों से तोड़ दिया गया था.
शुरू में, इराक़ी नागरिकों ने इसे गिराने की कोशिश की. इसकी गर्दन में फंदा डालने के लिए वे प्रतिमा पर चढ़ गए, लेकिन इसे हटाने में नाकाम रहे.
आख़िरकार इस विशाल प्रतिमा को गिराने के लिए अमेरिकी सैनिकों को एक बख़्तरबंद वाहन का इस्तेमाल करना पड़ा.
यह एक ऐसा पल था जो इराक़ में सत्ता परिवर्तन का प्रतीक था. अमेरिकी और सहयोगी सेनाओं ने केवल 20 दिन पहले इराक़ पर अपना हमला शुरू किया था.
ये हमला तेज़ बमबारी के साथ शुरू हुआ था और इस दौरान इराक़ी राष्ट्रपति सद्दाम हुसैन की हत्या के लिए क्रूज़ मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया था.
सद्दाम हुसैन की प्रतिमा को गिराये जाने के तीन सप्ताह बाद, अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज डब्लू बुश कैलिफ़ोर्निया के तट पर खड़े एक अमेरिकी विमानवाहक पोत पर "मिशन अकम्प्लिश्ड" (मिशन पूरा हुआ) लिखे बैनर के नीचे खड़े हुए.













