
ईरान के हमलों से अमेरिका को भारी नुक़सान, पहले दो हफ़्तों में गवां दिए 75 अरब रुपये से ज़्यादा
BBC
पेंटागन इस युद्ध के लिए 200 अरब डॉलर की अतिरिक्त फ़ंडिंग की मांग कर रहा है. रक्षा विभाग के अधिकारियों ने कांग्रेस को बताया कि युद्ध के पहले छह दिनों में 11.3 अरब डॉलर का खर्च आया.
मध्य पूर्व में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ईरान के हमलों से जंग के पहले दो हफ़्तों में क़रीब 800 मिलियन डॉलर (करीब 75 अरब 20 करोड़) का नुक़सान हुआ. एक नए विश्लेषण में यह सामने आया है.
सेंटर फ़ॉर स्ट्रैटेजिक एंड इंटरनेशनल स्टडीज़ (सीएसआईएस) की रिपोर्ट और बीबीसी के विश्लेषण के अनुसार, इस नुक़सान का बड़ा हिस्सा पहले हफ़्ते में ईरान की ओर से किए गए जवाबी हमलों में हुआ जब अमेरिका और इसराइल ने जंग छेड़ी थी.
क्षेत्र में अमेरिकी संसाधनों पर ईरानी हमलों से हुए कुल नुक़सान की पूरी तस्वीर अभी साफ़ नहीं है.
लेकिन अमेरिकी सैन्य ढांचे को हुए अनुमानित 80 करोड़ डॉलर का नुक़सान दिखाता है कि जैसे-जैसे संघर्ष लंबा खिंच रहा है, अमेरिका को भारी क़ीमत चुकानी पड़ रही है.
इस अध्ययन के सह-लेखक और सीएसआईएस से जुड़े वरिष्ठ सलाहकार मार्क कैंसियन ने कहा, "क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों को हुआ नुक़सान कम आंका गया है. हालांकि यह काफ़ी व्यापक दिखता है, लेकिन पूरी जानकारी मिलने तक कुल नुक़सान का सही आंकड़ा पता नहीं चल पाएगा."
टिप्पणी के अनुरोध के जवाब में अमेरिकी रक्षा विभाग ने इस युद्ध का नेतृत्व कर रहे यूएस सेंट्रल कमांड के पास बीबीसी को भेजा. वहां के अधिकारियों ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया.













