
मोजतबा ख़ामेनेई ने नवरोज़ के संदेश में पाकिस्तान और बाकी पड़ोसी देशों को लेकर क्या कहा?
BBC
ईरान के नए सर्वोच्च नेता चुने जाने के बाद से मोजतबा ख़ामेनेई सार्वजनिक रूप से नहीं देखे गए हैं. कुछ रिपोर्टों में कहा गया है कि वो घायल हैं.
ईरानी मीडिया ने इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ़ ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा ख़ामेनेई का एक संदेश प्रसारित किया है.
ख़ामेनेई ने फ़ारसी नए साल नवरोज़ के मौक़े पर एक लिखित संदेश जारी किया, जिसे सरकारी टीवी पर पढ़कर सुनाया गया है.
नौ पन्नों के संदेश में उन्होंने कहा कि ईरान अपने पूर्वी पड़ोसियों को बहुत क़रीबी मानता है. उन्होंने पाकिस्तान को अपने पिता अली ख़ामेनेई का 'ख़ासतौर पर पसंदीदा देश' बताया.
उन्होंने पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के बीच बेहतर संबंधों का आह्वान करते हुए कहा कि वह अपनी ओर से 'ज़रूरी कदम उठाने' के लिए तैयार हैं.
इसराइल-अमेरिका के साथ युद्ध के दौरान पड़ोसी देशों पर हुए हमलों का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा, "तुर्की और ओमान, जिनके साथ हमारे अच्छे संबंध हैं, उनके कुछ इलाक़ों पर जो हमले हुए, वे किसी भी तरह से इस्लामिक रिपब्लिक की सेना या रेजिस्टेंस फ़्रंट की फ़ोर्सेज़ ने नहीं किए थे."
उन्होंने इसराइल पर ईरान और उसके पड़ोसियों के बीच फ़ूट डालने के लिए 'चाल' चलने का आरोप लगाया है.













