
बांग्लादेशी पीएम तारिक़ रहमान के 'जेनोसाइड डे' पर पाकिस्तान के प्रति 'सख़्त लफ़्ज़ों' की चर्चा
BBC
बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक़ रहमान ने बुधवार को 'जनसंहार दिवस' की बरसी पर सोशल मीडिया एक्स पर जो पोस्ट किया उसमें पाकिस्तानी फौज के लिए बेहद कड़े लफ़्ज़ों का इस्तेमाल किया और इसकी काफ़ी चर्चा हो रही है.
बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक़ रहमान का एक सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा का विषय बना हुआ है.
उन्होंने बुधवार को 'जनसंहार दिवस' की बरसी पर एक्स पर जो पोस्ट किया उसमें पाकिस्तानी फौज के लिए बेहद कड़े लफ़्ज़ों का इस्तेमाल किया.
इसकी काफ़ी चर्चा हो रही है क्योंकि ऐतिहासिक रूप से तारिक़ रहमान की पार्टी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) को पाकिस्तान के प्रति नरम रुख़ अपनाने के लिए जाना जाता है.
इसके अलावा रहमान से पहले मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के कार्यकाल में पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच काफ़ी क़रीबी देखी गई थी.
25 मार्च का दिन बांग्लादेश में 'जेनोसाइड डे (नरसंहार दिवस)' के तौर पर याद किया जाता है.
इसकी वजह 25 मार्च 1971 की वह भयावह रात है, जब पाकिस्तान की सेना ने 'ऑपरेशन सर्चलाइट' शुरू किया था. पाकिस्तानी सेना की ओर से इस दिन ढाका में सामूहिक हत्याएं की गई थीं.
तारिक़ रहमान ने एक्स पर लिखा, "25 मार्च 1971 को 'नरसंहार दिवस' के रूप में मनाया जाता है. इस अवसर पर मैं सभी शहीदों को अपनी गहरी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं."













