
ईरान की मिसाइलों ने कैसे दिया इसराइली सुरक्षा को चकमा? शुरू हुई जांच
BBC
इसराइली वायुसेना के मुताबिक़ ईरान अब तक इसराइल पर 400 मिसाइलें दाग चुका है. इनमें से 92 प्रतिशत मिसाइलों को रास्ते में ही नष्ट कर दिया गया.
इसराइल में 'परमाणु ठिकाने' के पास स्थित दक्षिणी इसराइली क्षेत्र के दो शहरों पर ईरानी मिसाइल हमलों में 160 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है.
इसराइल के आपातकालीन सेवा के अधिकारियों के अनुसार शनिवार शाम बैलिस्टिक मिसाइलों के इन शहरों पर गिरने के बाद अरद में 84 और डिमोना में 78 लोगों का इलाज किया जा रहा है.
अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) का कहना है कि उसे डिमोना से करीब 13 किलोमीटर दूर स्थित 'परमाणु अनुसंधान' केंद्र को किसी तरह के नुक़सान की जानकारी नहीं है.
इससे पहले ईरान के सरकारी टेलीविज़न ने कहा था कि ये हमले शनिवार को ईरान के नतांज़ परमाणु संयंत्र पर हुए हमले के जवाब में किए गए हैं.
आपात सेवाओं के अनुसार, रविवार को तेल अवीव पर हुए ईरानी मिसाइल हमले में कम से कम सात लोग घायल हुए.
इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने रविवार को अरद में घटनास्थल का दौरा किया और कहा, "अगर आपको इसका सबूत चाहिए कि ईरान पूरी दुनिया को ख़तरे में डाल सकता है तो पिछले 48 घंटे में उसने ये दे दिया है. पिछले 48 घंटे में ईरान ने नागरिक क्षेत्रों पर हमला किया है."
इसराइल न तो परमाणु हथियार रखने की पुष्टि करता है और न ही इसका खंडन करता है.













