
ईरान के तेल पर अमेरिकी पाबंदी में ढील के संकेत, भारत को कितना फ़ायदा?
BBC
अमेरिका ने संकेत दिए हैं कि समुद्र में मौजूद जहाजों पर लदे ईरानी तेल की सप्लाई को लेकर ट्रंप प्रशासन कुछ छूट दे सकता है. अगर ऐसा हुआ तो भारत को इसका फ़ायदा हो सकता है.
अमेरिका ईरान के तेल पर कोई नीतिगत बदलाव करता है तो इसका सबसे ज़्यादा फ़ायदा जिन देशों को हो सकता है उनमें भारत भी शामिल है.
दरअसल ईरान युद्ध के बाद दुनिया के एनर्जी मार्केट पर दबाव बढ़ा है और अमेरिका उसे कम करने के उपायों पर विचार कर रहा है.
अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने फ़ॉक्स न्यूज़ को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि ट्रंप प्रशासन समुद्र में मौजूद जहाजों पर पहले से लदे ईरानी तेल पर लगी पाबंदियों में ढील देने की सोच रहा है.
इस तरह के कदम उठाने से अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में करोड़ों बैरल तेल की सप्लाई हो सकती है. इससे युद्ध की वजह से शिपिंग और तेल उत्पादन में रुकावट की भरपाई हो सकती है.
विशेषज्ञों का कहना है कि भारत अपनी लगभग 90 फ़ीसदी तेल की जरूरतों के लिए आयात पर निर्भर है.
भारत को सस्ता तेल ख़रीदने का भी अनुभव है. अगर ईरानी तेल के मामले में सीमित ढील भी दी जाती है तो भारत के लिए राहत और अवसर दोनों पैदा हो सकता है.
स्कॉट बेसेंट ने ये सुझाव ऐसे वक़्त में दिए हैं जब युद्ध की वजह से तेल की सप्लाई पर दबाव बढ़ रहा है.













