
पीएम मोदी का ईरान के राष्ट्रपति से बात करना किस बात का संकेत है?
BBC
शनिवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान से बात की और एक्स पर इसकी जानकारी दी. पहले ईरान को लेकर भारत की चुप्पी पर काफ़ी चर्चा हुई. लेकिन अब क्या भारत अलग रुख़ अपना रहा है?
शनिवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान से बात की. इसकी जानकारी उन्होंने एक्स पर दी.
उन्होंने 'क्षेत्र के अहम ऊर्जा ढांचों पर हो रहे हमलों' की निंदा की और कहा कि 'इससे ग्लोबल तेल सप्लाई पर असर पड़ा है.'
शनिवार को ही संयुक्त अरब अमीरात के विदेश मंत्रालय ने 'स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ में जहाज़ों पर हुए ईरानी हमलों' पर 22 देशों का एक संयुक्त बयान जारी किया. इसमें उन हमलों की निंदा की गई, जो व्यापारिक जहाज़ों पर हुए.
इन 22 देशों में भारत का नाम शामिल नहीं है.
यानी भारत ने ईरान की आलोचना करने से परहेज़ किया.
जबकि इससे पहले भारत ने खाड़ी देशों के कई नेताओं से बात करके वहां हुए ईरानी हमलों की निंदा की थी.
उन्होंने दो मार्च को इसराइली पीएम बिन्यामिन नेतन्याहू से भी बात करके क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने पर ज़ोर दिया था.













