
ट्रंप बोले अमेरिका और ईरान के बीच जंग खत्म करने पर हुई बातचीत, ईरान के विदेश मंत्रालय ने किया इनकार
BBC
ट्रंप ने कहा है कि जंग को ख़त्म करने के लिए दोनों देशों के बीच बातचीत हुई है लेकिन ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि इस बारे में बातचीत नहीं हुई है.
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि मध्य पूर्व में चल रहे टकराव को पूरी तरह ख़त्म करने को लेकर बातचीत हुई है. उन्होंने कहा कि 'पूरी तरह समाधान' के मुद्दे पर 'सकारात्मक बातचीत' हुई है.
ट्रंप ने यह भी कहा कि वह ईरान के बिजली संयंत्रों और ऊर्जा ढांचे पर किसी भी तरह के हमलों को पांच दिन के लिए टालेंगे.
लेकिन ईरान के विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बातचीत वाले बयान को नकार दिया है.
इससे पहले ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में ट्रंप ने लिखा, "मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि अमेरिका और ईरान के बीच पिछले दो दिनों में मध्य पूर्व में टकराव के पूरी तरह समाधान को लेकर बहुत अच्छी और सकारात्मक बातचीत हुई है."
"इस रचनात्मक बातचीत के रुख़ और माहौल को देखते हुए, जो पूरे सप्ताह जारी रहेंगी, मैंने वॉर डिपार्टमेंट को निर्देश दिया है कि ईरान के बिजली संयंत्रों और ऊर्जा ढांचे पर सभी सैन्य हमलों को पांच दिन के लिए टाल दिया जाए. यह फ़ैसला बैठकों और चर्चाओं की सफलता पर निर्भर करेगा."
बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
लेकिन ईरान ने ऐसी किसी बातचीत से मना किया है.













