
होर्मुज़ स्ट्रेट को लेकर अब ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड ने दी ये चेतावनी, अराग़ची ने भी दिया बयान
BBC
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि ईरान के पास 48 घंटे का समय है. अगर उसने होर्मुज़ स्ट्रेट नहीं खोला तो उसके सभी पावर प्लांट्स तबाह कर दिए जाएंगे.
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने कहा है कि अगर अमेरिका ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर हमला करता है तो होर्मुज़ स्ट्रेट पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा.
हालांकि ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची कहा है कि होर्मुज़ स्ट्रेट बंद नहीं है और सिर्फ़ अमेरिका और इसराइल के रवैये की वजह से इस रास्ते पर समुद्री जहाज़ गुजरने से हिचक रहे हैं.
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 21 मार्च को कहा था कि ईरान के पास 48 घंटे का समय है. अगर उसने होर्मुज़ स्ट्रेट नहीं खोला तो उसके सभी पावर प्लांट्स तबाह कर दिए जाएंगे.
ईरानी मीडिया पर दिए गए बयान में आईआरजीसी ने कहा, "ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर हमले हुए तो होर्मुज़ स्ट्रेट को तब तक नहीं खोलेंगे, जब तक हमारे तबाह हुए पावर प्लांट्स दोबारा नहीं बन जाते."
होर्मुज़ स्ट्रेट ईरान से सटा है और फ़ारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी और अरब सागर (दक्षिण पूर्व) को जोड़ने वाला एक मात्र समुद्री मार्ग है और इससे होकर दुनिया की 20 फ़ीसदी तेल और सप्लाई गुजरती है.
अमेरिका और इसराइल के हमलों के बाद से ईरान ने इस मार्ग पर लगभग नाकेबंदी कर दी है. इस वजह से अंतरराष्ट्रीय एनर्जी मार्केट में तेल के दाम क़ाफी बढ़ गए हैं.













