
ICC Champions Trophy 2025: चैम्पियंस ट्रॉफी को लेकर PCB चीफ मोहसिन नकवी ने तोड़ी चुप्पी... BCCI से की ये मांग
AajTak
मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि पाकिस्तान 'हाइब्रिड मॉडल' के तहत इस टूर्नामेंट को कराने पर राजी हो गया है और भारत अपने सभी मैच UAE में खेलेगा. हालांकि इस बारे में आईसीसी ने कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया. अब पूरे मामले पर पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी का बयान सामने आया है.
अगले साल होने वाली चैम्पियंस ट्रॉफी को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की टेंशन बढ़ चुकी है. इस बात की पूरी संभावना है कि भारतीय टीम सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान की यात्रा नहीं करेगी. भारत सरकार ने पाकिस्तान दौरे पर जाने के लिए अब तक टीम इंडिया को मंजूरी नहीं दी है. समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट में दावा किया गया था कि भारत के पाकिस्तान की यात्रा नहीं करने पर टूर्नामेंट का आयोजन 'हाइब्रिड मॉडल' के तहत हो सकता है. ऐसे में या तो दुबई या फिर शारजाह में मुकाबले हो सकते हैं.
'बीसीसीआई लिख कर दे....'
पीटीआई की रिपोर्ट में ये भी दावा किया गया था कि पाकिस्तान 'हाइब्रिड मॉडल' के तहत इस टूर्नामेंट को कराने पर राजी हो गया है और भारत अपने सभी मैच UAE में खेलेगा. हालांकि इस बारे में कोई आधिकारिक बयान आईसीसी ने जारी नहीं किया है. अब पूरे मामले पर पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी का बयान सामने आया है. नकवी ने कहा कि अगर भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) को कोई समस्या है तो उसे लिखित में बताना होगा. इसके बाद ही 'हाइब्रिड मॉडल' को लेकर बात की जा सकती है.
मोहसिन नकवी ने लाहौर में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'हमारा स्पष्ट रुख है कि अगर बीसीसीआई को कोई समस्या है तो उन्हें हमें लिखित में देना होगा. आज तक हमने किसी 'हाइब्रिड मॉडल' के बारे में बात नहीं की है, लेकिन हम इस पर बात करने के लिए तैयार हैं. अब अगर भारतीय मीडिया इस बारे में रिपोर्ट कर रहा है, तो आईसीसी ने हमें कोई पत्र दिया होगा या भारतीय बोर्ड ने कहीं यह लिखा होगा. अभी तक ऐसा कोई पत्र मेरे या पीसीबी तक नहीं पहुंचा है.'
नकवी कहते हैं, 'हम चाहते हैं कि क्रिकेट राजनीति से मुक्त हो. दुनिया के किसी भी खेल में इस तरह की राजनीति नहीं होनी चाहिए. हम चैम्पियंस ट्रॉफी की तैयारी जारी रखेंगे, जिसे आप अभी देख रहे हैं. अगर भारत हटने का फैसला करता है, तो हम अपनी सरकार से सलाह लेंगे और उसके अनुसार जवाब देंगे क्योंकि हमारे संबंध अतीत में कई मौकों पर बीसीसीआई के साथ बहुत सौहार्दपूर्ण रहे हैं.'

मिडिल ईस्ट और अफगानिस्तान-पाकिस्तान सीमा पर तनाव के बीच बांग्लादेशी खिलाड़ियों का PSL में खेलना अनिश्चित हो गया है. BCB ने साफ किया है कि अब खिलाड़ियों को पाकिस्तान भेजने से पहले सरकार की मंजूरी जरूरी होगी. सुरक्षा चिंता के कारण यह फैसला लिया गया है, जिससे कई खिलाड़ियों की उपलब्धता और इंटरनेशनल शेड्यूल पर असर पड़ सकता है.












