
रोहित शर्मा ने तो पास कर लिया... विराट कोहली कब देंगे फिटनेस टेस्ट? ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए ये है ROKO का प्लान
AajTak
भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसकी धरती पर अक्टूबर में तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है. ये मुकाबले 19, 23 और 25 अक्टूबर को होंगे. विराट कोहली और रोहित शर्मा भी इस सीरीज में खेलते नजर आ सकते हैं.
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ियों का प्री-सीजन फिटनेस टेस्ट 30 और 31 अगस्त को बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में हुआ. वनडे टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने भी फिटनेस टेस्ट देने के लिए पहुंचे थे. समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक रोहित ने फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है.
रोहित शर्मा के अलावा टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल, प्रसिद्ध कृष्णा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, यशस्वी जायसवाल, जितेश शर्मा, वॉशिंगटन सुंदर और शार्दुल ठाकुर भी फिटनेस टेस्ट देने आए थे. इन सभी ने बिना किसी परेशानी के टेस्ट को पास कर लिया. खिलाड़ियों का यो-यो (Yo-Yo) टेस्ट हुआ. इसके साथ-साथ हड्डियों की मजबूती जांचने के लिए DXA स्कैन भी किया गया. प्रसिद्ध कृष्णा ने टेस्ट में सबसे ज्यादा अंक हासिल किए.
शुभमन गिल, जसप्रीत बुमराह और जितेश शर्मा अब एशिया कप 2025 के लिए दुबई रवाना होंगे. गिल को इस टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम का उप-कप्तान बनाया गया है. गिल के लिए फिटनेस टेस्ट देना जरूरी था क्योंकि वह बुखार की वजह से दलीप ट्रॉफी से हट गए थे. इस टूर्नामेंट में उन्हें क्वार्टर फाइनल मुकाबले के लिए नॉर्थ जोन का कप्तान बनाया गया था. उधर यशस्वी जायसवाल और वॉशिंगटन सुंदर एशिया कप के लिए स्टैंडबाई खिलाड़ियों में शामिल हैं. वहीं शार्दुल ठाकुर अब दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल में वेस्ट जोन की कप्तानी करते नजर आएंगे. जबकि मोहम्मद सिराज को एशिया कप के लिए आराम दिया गया है.
इन खिलाड़ियों ने क्यों नहीं दिया टेस्ट? एशिया कप स्क्वॉड में शामिल अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, कुलदीप यादव पहले ही दलीप ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल खेल चुके हैं, इसलिए उनके लिए अलग फिटनेस टेस्ट नहीं हुआ. रियान पराग एशिया कप के लिए स्टैंडबाय के तौर पर चुने गए हैं और उनका भी टेस्ट नहीं हुआ. रियान दलीप ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में ईस्ट जोन की टीम का हिस्सा थे. विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल को ग्रोइन इंजरी थी, इसलिए उन्होंने दलीप ट्रॉफी में क्वार्टर फाइनल नहीं खेला.
रोहित शर्मा का हाल-फिलहाल कोई मैच नहीं है क्योंकि वो टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके हैं. रोहित ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में मुंबई इंडियंस (MI) के लिए भाग लिया था. उसके बाद वो प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर हैं. हालांकि अच्छी बात यह है कि रोहित तीन हफ्ते से ट्रेनिंग कर रहे हैं. रोहित अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वनडे सीरीज में खेल सकते हैं.
रोहित शर्मा ने तो फिटनेस टेस्ट पास्ट कर लिया है. अब विराट कोहली भी आने वाले दिनों में फिटनेस टेस्ट देने के लिए बेंगलुरु आ सकते हैं. कोहली फिलहाल लंदन में हैं और वो रोहित शर्मा की तरह ही आईपीएल 2025 के बाद से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर हैं. हाल ही में उन्होंने लंदन में फिर से प्रैक्टिस शुरू की है.

बायकॉट के बाद इंजरी बम... IPL 2026 से पहले ही KKR हुई बेदम, SRK की टीम में अब केवल 3 पेसर्स का ऑप्शन
IPL 2026 से पहले KKR को तेज गेंदबाजी में बड़ा झटका लगा है. मुस्तफिजुर रहमान के रिलीज होने के बाद हर्षित राणा सर्जरी के कारण लगभग बाहर हैं, जबकि मथीशा पथिराना चोट से जूझ रहे हैं. ऐसे में टीम का पेस अटैक कमजोर पड़ गया है और कप्तान अजिंक्य रहाणे के सामने सही कॉम्बिनेशन ढूंढने की बड़ी चुनौती है.

PSL पर मंडराया ईरान-US तनाव का असर, विदेशी खिलाड़ी हटेंगे? पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने तोड़ी चुप्पी
PSL (पाकिस्तान सुपर लीग) 11 से पहले विदेशी खिलाड़ियों की सुरक्षा और यात्रा को लेकर उठे सवालों पर PCB ने साफ किया कि सभी इंतजाम पूरे हैं. ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के आने में कोई दिक्कत नहीं होगी. मिडिल ईस्ट में तनाव और अफगान बॉर्डर की स्थिति के बावजूद टूर्नामेंट तय समय पर होगा और इसमें पहले से ज्यादा विदेशी खिलाड़ी हिस्सा लेंगे.

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और सरकार के बीच टकराव बढ़ गया है. खेल मंत्रालय ने चुनाव में गड़बड़ी की जांच के लिए कमेटी बनाई, जिस पर BCB ने 'हस्तक्षेप' का आरोप लगाया. ICC नियमों के चलते बैन का खतरा भी मंडरा रहा है. तमीम इकबाल के आरोपों से विवाद गहराया, जबकि बोर्ड ने जांच समिति खत्म करने की मांग की है.










