
पाकिस्तानी टीम में फिजियो पर चलेगी तलवार... बाबर आजम-फखर जमां से है कनेक्शन
AajTak
फखर जमां की चोट की जानकारी देर से सामने आने और बाबर आजम की गंभीर फिटनेस समस्या ने पाकिस्तानी टीम में चयन प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब इस पूरे मामले में जांच की मांग तेज हो गई है और सबसे ज्यादा दबाव टीम के फिजियो और मेडिकल स्टाफ पर है.
पाकिस्तान क्रिकेट में इस समय कुछ ठीक नहीं चल रहा है. पाकिस्तानी टीम को बांग्लादेश के हाथों हाल ही में वनडे सीरीज में 1-2 से हार झेलनी पड़ी थी. वहीं आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तानी टीम सुपर-8 स्टेज से आगे नहीं बढ़ पाई थी. इसी बीच एक ऐसा विवाद भी सामने आया है, जिसने टीम मैनेजमेंट से लेकर मेडिकल स्टाफ तक हलचल मचा दी है.
टीम के फिजियो क्लिफ डीकन पर सवाल उठ रहे हैं और उनकी भूमिका जांच के घेरे में आ गई है. मामला टीम के स्टार बल्लेबाजों बाबर आजम और फखर जमां की फिटनेस से जुड़ा है. दोनों खिलाड़ियों को पूरी तरह फिट घोषित किए बिना ही टी20 वर्ल्ड कप टीम में शामिल किया गया था. यह खुलासा तब हुआ, जब टूर्नामेंट के बाद उनकी मेडिकल जांच की गई.
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के मेडिकल पैनल में शामिल यूके के स्पोर्ट्स एक्सपर्ट डॉ. जावेद मुगल ने सबसे पहले इस मुद्दे को उठाया था. जांच में सामने आया कि बाबर आजम की हैमस्ट्रिंग इंजरी पहले से ज्यादा गंभीर थी, जबकि फखर जमां लंबे समय से फिटनेस समस्याओं से जूझ रहे थे. इसके बावजूद दोनों खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया गया, जिससे अब चयन प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े हो गए हैं.
डीकन पर एक्शन होना तय! पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक चयन समिति ने मेडिकल पैनल को बताया कि टीम फिजियो क्लिफ डीकन ने बाबर आजम और फखर जमां को खेलने के लिए फिट घोषित किया था. यही वजह है कि अब जांच की दिशा सीधे फिजियो की ओर मुड़ गई है. क्लिफ डीकन पर पहले भी आरोप लग चुके हैं कि वह खिलाड़ियों को हल्की चोट के बावजूद बड़े टूर्नामेंट के लिए फिट घोषित कर देते हैं, हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी.
चयनकर्ता आकिब जावेद ने बांग्लादेश सीरीज के लिए टीम घोषित करते समय इस पूरे मामले पर प्रकाश डाला था. आकिब ने कहा था कि टी20 वर्ल्ड कप को दौरन चयनकर्ताओं को इन दोनों खिलाड़ियों के चोटों की जानकारी नहीं थी. आकिब ने पीसीबी से अनुरोध किया था कि वो पूरे मामले की जांच करे.
यह भी पढ़ें: भारत-पाकिस्तान फिर आमने-सामने, इस देश में होगी हॉकी वर्ल्ड कप 2026 की भिड़ंत

बायकॉट के बाद इंजरी बम... IPL 2026 से पहले ही KKR हुई बेदम, SRK की टीम में अब केवल 3 पेसर्स का ऑप्शन
IPL 2026 से पहले KKR को तेज गेंदबाजी में बड़ा झटका लगा है. मुस्तफिजुर रहमान के रिलीज होने के बाद हर्षित राणा सर्जरी के कारण लगभग बाहर हैं, जबकि मथीशा पथिराना चोट से जूझ रहे हैं. ऐसे में टीम का पेस अटैक कमजोर पड़ गया है और कप्तान अजिंक्य रहाणे के सामने सही कॉम्बिनेशन ढूंढने की बड़ी चुनौती है.

PSL पर मंडराया ईरान-US तनाव का असर, विदेशी खिलाड़ी हटेंगे? पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने तोड़ी चुप्पी
PSL (पाकिस्तान सुपर लीग) 11 से पहले विदेशी खिलाड़ियों की सुरक्षा और यात्रा को लेकर उठे सवालों पर PCB ने साफ किया कि सभी इंतजाम पूरे हैं. ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के आने में कोई दिक्कत नहीं होगी. मिडिल ईस्ट में तनाव और अफगान बॉर्डर की स्थिति के बावजूद टूर्नामेंट तय समय पर होगा और इसमें पहले से ज्यादा विदेशी खिलाड़ी हिस्सा लेंगे.

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और सरकार के बीच टकराव बढ़ गया है. खेल मंत्रालय ने चुनाव में गड़बड़ी की जांच के लिए कमेटी बनाई, जिस पर BCB ने 'हस्तक्षेप' का आरोप लगाया. ICC नियमों के चलते बैन का खतरा भी मंडरा रहा है. तमीम इकबाल के आरोपों से विवाद गहराया, जबकि बोर्ड ने जांच समिति खत्म करने की मांग की है.










