बांग्लादेश T20 वर्ल्ड कप से क्यों पीछे हटा, कौन था जिम्मेदार? सरकार करेगी जांच, BCB पर बढ़ा प्रेशर
AajTak
बांग्लादेश के T20 वर्ल्ड कप से बाहर रहने पर विवाद बढ़ गया है. खेल मंत्रालय ने नई जांच कमेटी बनाने का ऐलान किया है, जो यह जांच करेगी कि यह फैसला सुरक्षा कारणों से था या खेल कूटनीति की विफलता? इस बीच BCB चुनाव में गड़बड़ी के आरोपों की भी जांच जारी है.
बांग्लादेश के ICC T20 वर्ल्ड कप से बाहर रहने का विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है. अब इस पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है, जहां खेल मंत्रालय ने एक और जांच कमेटी बनाने का ऐलान कर दिया है.
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) द्वारा पहले बनाई गई जांच कमेटी को बंद करने की मांग के एक दिन बाद, युवा एवं खेल राज्य मंत्री अमीनुल हक ने स्पष्ट किया कि सरकार खुद यह जांच करेगी कि टीम का टूर्नामेंट में हिस्सा ना लेना कहीं खेल कूटनीति (स्पोर्ट्स डिप्लोमेसी) की विफलता तो नहीं था.
मंत्री अमीनुल हक ने कहा कि वह इस मुद्दे पर पहले भी बात कर चुके हैं और अब जरूरी है कि इसकी गहराई से जांच हो. उन्होंने संकेत दिए कि ईद के बाद नई जांच कमेटी गठित की जाएगी, जो यह पता लगाएगी कि आखिर बांग्लादेश वर्ल्ड कप में क्यों नहीं खेल पाया और इसमें कहां कमी रह गई.
यह फैसला BCB के शीर्ष अधिकारियों और बोर्ड अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए टीम को टूर्नामेंट में भेजने से रोकने में अहम भूमिका निभाई थी. बांग्लादेश की जगह आखिरकार स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल किया गया.
अमीनुल हक ने यह भी कहा कि खेल कूटनीति को और मजबूत करने की जरूरत है, क्योंकि खेल ऐसा मंच है जहां राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर देश एकजुट हो सकता है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे.BCB के चुनावों पर भी उठे सवाल
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक- इस पूरे विवाद के बीच बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के चुनावों पर भी सवाल उठ रहे हैं. मंत्री ने खुलासा किया कि विभिन्न स्तरों क्लब और जिला इकाइयों से चुनाव में अनियमितताओं की शिकायतें मिली थीं, जिसके बाद एक अलग जांच कमेटी बनाई गई थी.

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और सरकार के बीच टकराव बढ़ गया है. खेल मंत्रालय ने चुनाव में गड़बड़ी की जांच के लिए कमेटी बनाई, जिस पर BCB ने 'हस्तक्षेप' का आरोप लगाया. ICC नियमों के चलते बैन का खतरा भी मंडरा रहा है. तमीम इकबाल के आरोपों से विवाद गहराया, जबकि बोर्ड ने जांच समिति खत्म करने की मांग की है.












