
यूएई में बढ़े ईरानी हमले, वहां रहने वाले भारतीयों ने क्या बताया
BBC
संयुक्त अरब अमीरात में ईरान के नए हमले हुए हैं. इससे वहां रहने वाले भारतीयों की चिंता बढ़ गई है. हालांकि अब तक लगभग 52 हज़ार भारतीय सुरक्षित लौट आए हैं.
ईरान ने संयुक्त अरब अमीरात पर नए सिरे से हमले शुरू किए हैं. यूएई की सरकार ने कहा है कि ईरान टारगेटेड हमले कर रहा है.
इस हमले में देश के एक अहम तेल बंदरगाह को निशाना बनाया गया है.
यह जहाज़ों में ईंधन भरने का एक अहम केंद्र है और क्षेत्र की सबसे बड़ी तेल भंडारण सुविधाओं में से एक है.
ईरान पर अमेरिका और इसराइल के हमले के बाद खाड़ी देशों में रह रहे भारतीय नागरिकों की चिंता बढ़ गई है. हालांकि उनका कहना है कि यूएई सरकार सुरक्षा के सारे उपाय कर रही है.
बीबीसी हिन्दी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
क्षेत्र में बढ़ते तनाव के कारण कई भारतीय सतर्कता बरत रहे हैं. खाड़ी देशों में सबसे ज्यादा भारतीय यूएई में ही रहते हैं.
सिविल एविएशन मंत्रालय के मुताबिक, ''28 फरवरी से 11 मार्च, 2026 की अवधि के दौरान, खाड़ी देशों से कुल 1,50,457 हवाई यात्रियों ने भारत की यात्रा की है.'' संयुक्त अरब अमीरात से तकरीबन 52 हज़ार भारतीय सुरक्षित अपने देश लौट आए हैं.













