
फ़ारूक़ अब्दुल्लाह पर 'जानलेवा हमला', अब तक क्या-क्या पता है?
BBC
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फ़ारूक़ अब्दुल्लाह पर जम्मू में एक शादी समारोह में हमला हुआ है. उनके बेटे और मौजूदा मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ़्रेंस के अध्यक्ष फारूक़ अब्दुल्लाह पर बुधवार शाम को एक शादी समारोह में 'जानलेवा हमला' हुआ.
उनके साथ जम्मू-कश्मीर के डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी भी थे. दोनों इस हमले में बाल-बाल बच गए.
सोशल मीडिया पर घटना का एक वीडियो वायरल हो रहा है. जिसे फ़ारूक़ अब्दुल्लाह के बेटे और मौजूदा मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने भी शेयर किया है.
इस वीडियो में एक शख़्स फ़ारूक़ अब्दुल्लाह के बिल्कुल नज़दीक जाते हुए दिख रहा है. उसके हाथ में पिस्तौल भी दिख रही है.
इसके फ़ौरन बाद फ़ारूक़ अब्दुल्लाह के सुरक्षाकर्मी और वहां मौजूद लोग हमलावर को काबू करते दिख रहे हैं.
समाचार एजेंसी पीटीआई ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के हवाले से कहा है कि 'फ़ारूक़ अब्दुल्लाह की जान लेने की कोशिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया गया है.'
फ़ारूक़ अब्दुल्लाह के बेटे और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने हमले की पुष्टि करते हुए कहा कि, "अल्लाह का शुक्र है कि मेरे पिता बाल-बाल बच गए."













