
बीबीसी स्टडी के मुताबिक़, 2020 से भारत में महिला क्रिकेटरों की संख्या दोगुनी हुई
BBC
बीबीसी की स्टडी से ऐसा लगता है कि क्रिकेट के अलावा महिलाओं में बैडमिंटन की लोकप्रियता भी बढ़ी है. साथ ही पिछले कुछ वर्षों के दौरान महिला खिलाड़ियों की उपलब्धियों ने भी लोगों का ध्यान खींचा है.
भारत के 14 राज्यों में किए गए एक अध्ययन से ऐसा लगता है कि क्रिकेट में भारतीय महिलाओं की भागीदारी वर्ष 2020 से दोगुनी हो गई है.
स्टडी के मुताबिक़ अब हर 10 में से एक महिला क्रिकेट खेल रही है.
बीबीसी और कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से कराए गए इस अध्ययन से ऐसा लगता है कि पिछले छह महीनों के दौरान हर दो में से एक शख़्स (51 फ़ीसदी) ने महिला खेलों की कवरेज देखी है.
यह आँकड़ा उन लोगों की तादाद (63 फ़ीसदी) से बहुत कम नहीं है, जो पुरुषों की खेल कवरेज को देखते हैं.
खेलों में महिलाओं के हिस्सा लेने और महिला खेल देखने के मामले में इस बदलाव की सबसे बड़ी वजह 15 से 24 साल की युवा महिलाओं की भागीदारी है.
बीबीसी हिन्दी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
हर चार में से एक (क़रीब 26 फ़ीसदी) युवा महिलाओं का कहना है कि उन्होंने खेल को करियर के विकल्प के रूप में चुना है जबकि 2020 में यह संख्या 16 फ़ीसदी थी.













