
ईरान की ना-नुकर के बीच डोनाल्ड ट्रंप ने दी चेतावनी, 'जल्द सीरियस हो जाएं वरना देर हो जाएगी'
BBC
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान को युद्धविराम या बातचीत के लिए जल्द गंभीर होना होगा, वरना वापसी का रास्ता नहीं बचेगा. दूसरी ओर, ईरान ने पहले ही पांच शर्तें रख दी हैं, जिन पर ट्रंप की ओर से कोई प्रतिक्रियता नहीं आई.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बीते कुछ दिनों से लगातार दावा कर रहे हैं कि उनकी ईरान से बातचीत हो रही है. लेकिन दूसरी ओर ईरान अमेरिका के प्रस्ताव को कभी ख़ारिज करता है तो कभी कहता है कि हमसे अमेरिका की कोई बातचीत नहीं है.
साथ ही ईरान यह भी कह रहा है कि उसकी वजह से ट्रंप को 'बातचीत' के रास्ते पर आना पड़ा है.
इस बीच डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी है कि उन्हें (ईरान) जल्दी गंभीर होना होगा, वरना बहुत देर हो जाएगी, फिर वापसी का रास्ता नहीं बचेगा.
दरअसल, डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को हाल ही में एक 15 सूत्रीय पीस प्लान का प्रस्ताव दिया था.
लेकिन ईरान ने इसे स्वीकार नहीं किया. हालांकि, ईरान के विदेश मंत्री ने यह ज़रूर कहा था कि ईरान के टॉप लीडर 'अलग-अलग प्रस्तावों' पर विचार कर रहे हैं. जबकि बाद में ईरान की ओर से पांच शर्तें सामने आईं.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में लिखा, "जो लोग ईरान की ओर से बातचीत कर रहे हैं, वो बहुत अजीब हैं. वे हमसे समझौता करने की 'मिनतें' कर रहे हैं, जो उन्हें करना भी चाहिए क्योंकि उनकी सैन्य ताक़त पूरी तरह ख़त्म हो चुकी है और वापसी का कोई मौक़ा नहीं है."













