
ईडन गार्डन्स की वो काली रात... जब मैदान पर बिलख पड़े थे विनोद कांबली, टूट गया था टीम इंडिया का सपना
AajTak
1996 के क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ सेमीफाइनल नाटकीय तरीके से हार गई थी. मैच खत्म होने के बाद श्रीलंका के खिलाड़ी जश्न मनाने लगे, लेकिन भारतीय खिलाड़ी सदमे में थे. विनोद कांबली तो मैदान पर ही रो पड़े थे.
13 मार्च 1996... भारतीय क्रिकेट इतिहास की ऐसी रात, जिसे याद कर आज भी करोड़ों फैन्स का दिल भारी हो जाता है. तब कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में भारत और श्रीलंका के बीच 1996 क्रिकेट वर्ल्ड कप का पहला सेमीफाइनल खेला गया था, लेकिन उस मुकाबले का अंत जिस तरह हुआ, उसने पूरे देश को सदमे में डाल दिया.
उस रात का सबसे दर्दनाक दृश्य था विनोद कांबली का आंसुओं से भरा चेहरा, जब मैच खत्म होने के बाद वह रोते हुए मैदान से ड्रेसिंग रूम की ओर लौट रहे थे. भारत वर्ल्ड कप फाइनल से बस एक कदम दूर था, लेकिन अचानक सबकुछ बिखर गया था. टीम इंडिया पूरे टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में थी और कुछ ही दिन पहले क्वार्टर फाइनल में पाकिस्तान को हराया था, जिसके चलते पूरे देश में जश्न का माहौल था. उम्मीद थी कि भारत आसानी से फाइनल में पहुंच जाएगा.
उस मुकाबले में भारत के कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने टॉस जीतकर श्रीलंका को बल्लेबाजी का न्योता दिया. शुरुआत में यह फैसला सही साबित होता नजर आया. तेज गेंदबाज जवागल श्रीनाथ ने पहले ही ओवर में श्रीलंका के दोनों खतरनाक ओपनर सनथ जयसूर्या और रोमेश कालूवितरणा को पवेलियन भेज दिया. एक समय श्रीलंका का स्कोर 85/4 था और भारत मैच पर पकड़ बनाता दिख रहा था. लेकिन यहीं से श्रीलंका की वापसी शुरू हुई. अरविंद डिसिल्वा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 66 रन बनाए, जबकि रोशन महानामा ने 58 रनों की पारी खेली. दोनों की बेहतरीन बैटिंग की बदौलत श्रीलंका ने 50 ओवर में 251/8 का मजबूत स्कोर खड़ा किया.
252 रनों का लक्ष्य उस समय भारत के लिए मुश्किल नहीं माना जा रहा था, खासकर तब सचिन तेंदुलकर शानदार फॉर्म में थे. उन्होंने टूर्नामेंट में पहले ही दो शतक और दो अर्धशतक लगाए थे. सचिन ने पारी की शुरुआत शानदार अंदाज में की और तेजी से रन बनाए. वह 65 रनों पर पहुंच चुके थे और भारत का स्कोर एक समय 98/1 था. ऐसा लग रहा था कि भारत आसानी से मैच जीत जाएगा. लेकिन तभी सनथ जयसूर्या की गेंद पर रोमेश कालूवितरणा ने सचिन को स्टम्प आउट कर दिया. यही वह पल था, जब मैच पूरी तरह पलट गया, इसके बाद भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई और टीम ने सिर्फ 22 रनों के अंदर 7 विकेट गंवा दिए. देखते ही देखते भारत का स्कोर 120/8 हो गया.
भारतीय टीम की इस हालत को देखकर ईडन गार्डन्स में मौजूद दर्शक गुस्से से भर गए. कुछ दर्शकों ने मैदान में पानी की बोतलें और फल वगैरह फेंकने शुरू कर दिए, जबकि स्टेडियम के कुछ हिस्सों में आग भी लगा दी गई. हालात इतने बिगड़ गए कि मैच रोकना पड़ा. मैच रेफरी क्लाइव लॉयड ने खिलाड़ियों को मैदान से बाहर भेज दिया और करीब 15 मिनट तक चर्चा चलती रही. खिलाड़ियों को फिर मैदान पर बुलाया गया, लेकिन दर्शकों का गुस्सा शांत नहीं हुआ. आखिरकार सुरक्षा कारणों से मैच श्रीलंका को अवॉर्ड कर दिया गया और भारत का वर्ल्ड कप सपना यहीं खत्म हो गया.
मैच खत्म होने के बाद श्रीलंका के खिलाड़ी जश्न मनाने लगे, लेकिन भारतीय खिलाड़ी सदमे में थे. सबसे भावुक दृश्य था विनोद कांबली का, जो मैदान पर ही रो पड़े. वह 10 रन बनाकर क्रीज पर खड़े थे, लेकिन अपने साथियों को लगातार आउट होते देखते रहे. जब मैच श्रीलंका के नाम कर दिया गया, तो कांबली अपने आंसू नहीं रोक पाए. वह दृश्य आज भी भारतीय क्रिकेट फैन्स के दिलों में ताजा है.

भारतीय टीम T20 वर्ल्ड कप 2026 की चैम्पियन बन चुकी है. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में 8 मार्च 2026 को फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराया. भारतीय टीम कुल मिलाकर तीसरी बार टी20 चैम्पियन बनी है. वहीं वनडे में वह 1983 और 2011 में चैम्पियन बन चुकी है, आइए नजर डाल लेते हैं उन कप्तानों के उस प्रदर्शन पर जब भारतीय टीम वर्ल्ड चैम्पियन बनी थी.

भारतीय क्रिकेटर ईशान किशन आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद अपने पैतृक शहर नवादा पहुंचे, जहां जेल रोड स्थित घर पर उन्होंने दादा डॉ. शत्रुघ्न सिन्हा और दादी डॉ. सावित्री शर्मा से आशीर्वाद लिया. उनके पहुंचने की खबर मिलते ही प्रशंसकों की भीड़ उमड़ पड़ी. लोग अपने पसंदीदा खिलाड़ी की एक झलक पाने को उत्साहित दिखे.

पूर्व पाकिस्तानी कप्तान शाहिद आफरीदी ने वर्ल्ड कप सेमीफाइनल का अनसुना किस्सा साझा किया है. उन्होंने बताया कि मोहाली में भारत के खिलाफ मैच के दौरान दर्शकों के जबरदस्त शोर से पाकिस्तानी खिलाड़ी दबाव में आ गए थे और कुछ बल्लेबाज तो क्रीज पर जाते समय कांप रहे थे. आफरीदी ने कहा कि भीड़ के समर्थन ने भारतीय टीम का मनोबल कई गुना बढ़ा दिया था.

बांग्लादेश के खिलाफ पहले वनडे में पाकिस्तान की 8 विकेट से हार के बाद पूर्व क्रिकेटर बासित अली ने टीम के हेड कोच माइक हेसन पर तीखा हमला बोला. उन्होंने पावरप्ले में 60 रन बनाने के लक्ष्य को गलत बताते हुए कहा कि ऐसी रणनीति मैदान की परिस्थितियों को नजरअंदाज करती है. कामरान अकमल ने भी बल्लेबाजों के प्रदर्शन पर हैरानी जताई.

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव अपनी शादी के लिए देहरादून पहुंच गए हैं, जहां CAU कार्यालय में उनका ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत हुआ. 13 और 14 मार्च को मसूरी के होटल सवोय में वंशिका संग उनकी शादी की रस्में होंगी. समारोह में करीब 200 मेहमानों के आने की उम्मीद है, जिनमें कई भारतीय क्रिकेटर भी शामिल हो सकते हैं.

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का ओपनिंग मैच 28 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में है, लेकिन कर्नाटक सरकार की अंतिम मंजूरी अभी बाकी है. 13 मार्च को एक्सपर्ट कमेटी स्टेडियम का निरीक्षण करेगी. 2025 में हुई भगदड़ के बाद सुरक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर में बड़े बदलाव किए गए हैं.

अमेरिका-ईरान युद्ध के कारण पैदा हुए वैश्विक यात्रा संकट के बीच भारत में रुकी साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज की टीमें आखिरकार अपने-अपने देश के लिए रवाना हो गईं. ICC ने बताया कि पिछले 24 घंटे में साउथ अफ्रीका के 29 और वेस्टइंडीज के 16 सदस्य फ्लाइट से लौटे. जटिल परिस्थितियों के बीच यह ऑपरेशन पूरा किया गया.






