
अफ़ग़ानिस्तान पर हवाई हमलों के बाद तालिबान ने पाकिस्तान को दी चेतावनी
BBC
पाकिस्तान ने अफ़ग़ानिस्तान से लगे सीमा क्षेत्रों में हवाई हमले किए हैं. तालिबान ने नंगरहार और पक्तिका प्रांतों में हुए हमलों में महिलाओं और बच्चों समेत कई लोगों के मारे जाने का दावा किया है.
पाकिस्तान का कहना है कि उसने ख़ुफ़िया जानकारी के आधार पर पाकिस्तान-अफ़ग़ानिस्तान सीमा क्षेत्र में 'सात आतंकी ठिकानों और शिविरों' को निशाना बनाया है.
वहीं अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान सरकार के प्रवक्ता ने बताया है कि नंगरहार और पक्तिका में हुए पाकिस्तान के हवाई हमलों में महिलाओं और बच्चों समेत दर्जनों लोग मारे गए हैं.
साथ ही तालिबान सरकार के रक्षा मंत्रालय ने 'उचित समय पर' जवाबी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है.
बीबीसी पश्तो के मुताबिक़, अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान सरकार के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान जारी कर नांगरहार और पक्तिका प्रांतों में 'नागरिक इलाक़ों' में पाकिस्तान के हालिया हमलों की निंदा की है.
बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
नंगरहार में एक घर पर हमले में 20 लोगों के मारे जाने का दावा किया जा रहा है. वहीं पक्तिका में एक मदरसे को निशाना बनाया गया.
दूसरी ओर पाकिस्तान का कहना है कि यह कार्रवाई हाल ही में उसके देश में हुए आत्मघाती हमलों के जवाब में की गई है.













