Ukraine-Russia Tensions: यूक्रेन-रूस के बीच बढ़ते तनाव को कम करने की कोशिश में इमैनुएल मैक्रों, मास्को और कीव की करेंगे यात्रा
ABP News
Ukraine-Russia Tensions: यूक्रेन और रूस के बीच बढ़े तनाव को कम करने का कूटनीतिक तरीका ढूंढने के प्रयास के तहत फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों अगले सप्ताह मास्को और कीव की यात्रा करेंगे.
Ukraine-Russia Tensions: यूक्रेन पर आक्रमण करने से रूस को रोकने और दोनों देशों के बीच बढ़े तनाव को कम करने का कूटनीतिक तरीका ढूंढने के प्रयास के तहत फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और जर्मन चांसलर ओलाफ शोल्ज अगले सप्ताह मास्को और कीव की यात्रा करेंगे. मैक्रों की मास्को की यात्रा सोमवार को प्रस्तावित है, जबकि अगले दिन यानी मंगलवार को वह कीव में होंगे.
शोल्ज पहले कीव की यात्रा करेंगे फिर उसके बाद मॉस्को जाएंगे. उनकी यह यात्रा क्रमश: 14 और 15 फरवरी को प्रस्तावित है. चीन ने यूक्रेन में नाटो के विस्तार पर रोक की रूस की मांग का समर्थन किया है, जबकि अमेरिका ने गुरुवार को आरोप लगाया कि रूस अपने पड़ोसी यूक्रेन की ओर से रूसी क्षेत्र पर हमला किये जाने की आशंका के बहाने सैन्य हमला करने और क्षेत्र में युद्ध थोपने की साजिश रच रहा है. हालांकि अमेरिका ने अपने दावों के समर्थन में किसी तरह की विस्तृत जानकारी नहीं दी है.