
Colombia Plane Crash: कोलंबिया में बड़ा हादसा, उड़ान भरते ही एयरफोर्स का प्लेन क्रैश, 110 लोग थे सवार
ABP News
Colombia Plane Crash: कोलंबिया में एक वायुसेना का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. प्लेन में कुल 110 जवान सवार थे. जानकारी के मुताबिक उड़ान भरते ही एयरफोर्स का प्लेन क्रैश हो गया.
कोलंबिया में एक वायुसेना का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. प्लेन में कुल 110 लोग सवार थे. जानकारी के मुताबिक उड़ान भरते ही विमान हादसे का शिकार हो गया. लोकल न्यूज एजेंसी ब्लू रेडियो ने सोमवार को बताया कि विमान में 110 सैनिक सवार थे. कोलंबिया के रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि देश के दक्षिणी हिस्से में एक लॉकहीड मार्टिन (LMT.N) का हरक्यूलिस C-130 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, रक्षा मंत्री पेड्रो सांचेज ने कहा कि यह दुर्घटना तब हुई जब विमान पेरू की सीमा से लगे कोलंबिया के दक्षिणी अमेज़न क्षेत्र में स्थित प्यूर्टो लेगुइज़ामो से उड़ान भर रहा था और सशस्त्र बलों के सैनिकों को ले जा रहा था. उन्होंने कहा, 'पीड़ितों की सही संख्या और दुर्घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है. वहीं, ब्लू रेडियो ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि विमान में 110 सैनिक सवार थे और दुर्घटना एक शहरी केंद्र से महज 3 किलोमीटर (2 मील) की दूरी पर हुई.
बता दें कि इससे पहले फरवरी के आखिरी में बोलिवियाई वायु सेना का एक और हरक्यूलिस सी-130 विमान राजधानी ला पाज के पास घनी आबादी वाले शहर ऑल्टो में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. इस दर्दनाक हादसे में 20 से अधिक लोग मारे गए और 30 अन्य घायल हो गए, और विमान के माल से नोट शहर भर में बिखर गए, जिससे लोगों और सुरक्षा बलों के बीच झड़पें हुईं.













