
मथुरा: फरसा वाले बाबा की मौत के मामले का सच आएगा सामने? जांच के लिए SIT गठित, जमकर हुआ था बवाल
ABP News
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और SSP श्लोक कुमार सिंह ने छाता क्षेत्र के लोगों के साथ बैठक की. इस बैठक में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया गया.
मथुरा में ईद के दिन में फरसा वाले बाबा की मौत के बाद हुए बवाल को लेकर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. इस मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई है. मथुरा जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस पूरे मामले की गहन जांच के लिए SIT का गठन किया गया है और इस एसआईटी की अध्यक्षता एसपी क्राइम अवनीश मिश्रा करेंगे, जो घटना के सभी पहलुओं की जांच करेंगे.
इस घटना के बाद हालात को सामान्य रखने के लिए जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और SSP श्लोक कुमार सिंह ने छाता क्षेत्र के लोगों के साथ बैठक की. इस बैठक में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया गया. वहीं डीएम ने स्पष्ट कहा कि दो दिन पहले हुई घटना में किसी भी निर्दोष व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी और जांच के आधार पर ही आगे की कार्रवाई होगी, किसी निर्दोष को जेल नहीं भेजा जाएगा.
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी बाहरी व्यक्ति के बहकावे में न आएं और ब्रज क्षेत्र में शांति बनाए रखें. वहीं डीएम ने कहा कि यदि किसी भी तरह की संदिग्ध जानकारी मिले तो तुरंत अपने नजदीकी थाने या एसडीएम कार्यालय को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.
बता दें कि फरसा वाले बाबा के नाम से विख्यात गौसेवक बाबा चंद्रशेखर दास की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद दिल्ली-आगरा नेशनल हाइवे पर जमकर हंगामा हुआ थ. इस दौरान रास्ता जाम करने के आरोप में पुलिस ने 19 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है. पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार आरोपियों ने न केवल अनावश्यक तौर पर हाइवे जाम किया, बल्कि पुलिस जब उन्हें वहां से हटाने पहुंची तो उन्होंने पथराव कर दिया जिसमें कई पुलिसकर्मी जख्मी हो गये और करीब 25 अन्य लोगों को भी चोटें आईं.













