
Delhi News: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ पुलिस की याचिका, कोर्ट ने आरोपियों को जारी किया नोटिस
ABP News
Delhi News in Hindi: दिल्ली में लारेंस बिश्नोई गैंग के रंगदारी और फायरिंग मामले में साकेत कोर्ट ने पहले डिस्चार्ज आरोपियों को नोटिस जारी किया. सभी को कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया.
दिल्ली में कुख्यात गैंगस्टर लारेंस विश्नोई गैंग से जुड़े रंगदारी मामले में एक नया घटनाक्रम सामने आया है. साकेत कोर्ट में एडिशनल सेशन जज विशाल सिंह की कोर्ट ने पहले डिस्चार्ज किए गए आरोपियों को नोटिस जारी कर कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया है. जानकारी के अनुसार, यह मामला साउथ ईस्ट दिल्ली के सन लाइट कॉलोनी थाने में दर्ज दो मामलों से जुड़ा है, जिनकी जांच बाद में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई थी. इन मामलों में गैंगस्टर नेटवर्क, हथियार सप्लाई और इंटरस्टेट अपराधियों की मिलीभगत सामने आई थी.
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 23 अप्रैल 2023 को कारोबारी रमनदीप सिंह के घर पर दहशत फैलाने के मकसद से फायरिंग की गई थी. इस घटना में घर के बाहर पांच गोलियां चलाई गई थीं. इस घटना को लेकर एफआईआर दर्ज की गई थी. इसके साथ ही एक और मामला सामने आया जिसमें कारोबारी से 1 करोड़ की रंगदारी मांगी गई. आरोप है कि यह मांग व्हाट्सऐप के जरिए की गई थी और कॉल कर यह भी कहा गया कि घर पर हुई फायरिंग उसी गैंग ने करवाई है. इस मामले में एफआईआर दर्ज हुई थी. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि रंगदारी का मैसेज गैंगस्टर अनमोल विश्नोई की तरफ से भेजा गया था. जो कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया जाता है.
दिल्ली क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच के दौरान गैंग से जुड़े कई लोगों को गिरफ्तार किया. इनमें मुख्य रूप से शूटर और लॉजिस्टिक सपोर्ट देने वाले आरोपी हरन सरापडाडिया और आशीष शर्मा, दो नाबालिग जिन्हें फायरिंग में इस्तेमाल किया गया हथियार सप्लायर अक्षय बिश्नोई था. जांच में यह भी सामने आया कि गैंगस्टर लारेंस विश्नोई और संपत नेहरा जेल में रहते हुए इस पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहे थे. पुलिस ने इन्हें भी साजिश के आरोप में चार्जशीट में शामिल किया था.
फायरिंग वाले मामले में ट्रायल कोर्ट ने सुनवाई शुरू कर दी थी, लेकिन रंगदारी वाले केस में अदालत ने सबूतों को पर्याप्त न मानते हुए आरोपियों को डिस्चार्ज कर दिया था. इस फैसले से असहमत होकर दिल्ली पुलिस की ओर से सेशन कोर्ट में रिविजन पिटीशन दाखिल की गई.













