
T20 वर्ल्ड कप से पहले ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका, मिचेल स्टार्क ने लिया छोटे फॉर्मेट से संन्यास, अब टेस्ट और ODI पर करेंगे फोकस
AajTak
टी20 वर्ल्ड कप 2026 अगले साल फरवरी-मार्च में भारत और श्रीलंका की मेजबानी में होना है. अब मिचेल स्टार्क के संन्यास लेने से ऑस्ट्रेलियाई टीम की चिंताएं बढ़ गई हैं.
अगले साल भारत और श्रीलंका में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम को तगड़ा झटका लगा है. अनुभवी तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है. स्टार्क ने कहा कि वो अब टेस्ट क्रिकेट पर पूरा ध्यान देंगे, साथ ही खुद को 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए फिट रखना चाहते हैं.
मिचेल स्टार्क ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 5 टी20 वर्ल्ड कप खेले. केवल 2016 के टी20 वर्ल्ड कप को उन्होंने चोट की वजह से मिस किया. साल 2021 में ऑस्ट्रेलिया को पहली बार टी20 वर्ल्ड कप जिताने में उनका बड़ा योगदान रहा. 35 साल के स्टार्क ने सितंबर 2012 में पाकिस्तान के खिलाफ दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था. जबकि स्टार्क ने अपना आखिरी टी20 इंटरनेशनल मुकाबला पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ ग्रॉस आइलेट में खेला.
मिचेल स्टार्क ने कुल 65 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 23.81 की औसत से 79 विकेट लिए, उनका इकॉनमी रेट 7.74 और एक बार उन्होंने पारी में चार विकेट झटके. वे ऑस्ट्रेलिया के लिए टी20 इंटरनेशनल में दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज है. पहले नंबर पर एडम जाम्पा हैं, जिन्होंने 103 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 103 विकेट झटके हैं.
मिचेल स्टार्क ने क्या कहा? मिचेल स्टार्क ने कहा, 'टेस्ट क्रिकेट हमेशा से मेरी सबसे बड़ी प्राथमिकता रही है. मैंने टी20 इंटरनेशनल में हर मैच का लुत्फ उठाया. खासकर 2021 टी20 वर्ल्ड कप का, क्योंकि उसमें खिताबी जीत और टीम के साथ शानदार अनुभव रहा. आगे भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज, एशेज और 2027 वनडे वर्ल्ड कप को देखते हुए मुझे लगता है कि यह सही समय है. इससे मैं फिट और तरोताजा रहूंगा और टीम को भी नए गेंदबाजों को तैयार करने का समय मिलेगा.'
ऑस्ट्रेलिया के चीफ सेलेक्टर जॉर्ज बेली ने कहा, 'मिच को अपनी टी20 उपलब्धियों पर गर्व होना चाहिए. वह 2021 वर्ल्ड कप टीम के अहम सदस्य थे और विकेट लेने की अपनी क्षमता से मैच का रुख बदल देते थे. हम उनके करियर का जश्न मनाएंगे, लेकिन अच्छी बात है कि वह टेस्ट और वनडे क्रिकेट जारी रखेंगे.'
न्यूजीलैंड के खिलाफ अक्टूबर में उसकी धरती पर होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिायई टीम घोषित हो चुकी है. ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन को आराम दिया गया है. वहीं तेज गेंदबाज नाथन एलिस निजी कारणों से बाहर हुए है. मैथ्यू शॉर्ट चोट से उबरकर लौटे हैं और मिच ओवेन भी फिट होकर आए हैं. मार्कस स्टोइनिस भी टीम में वापसी हुई है.

नई दिल्ली में आयोजित नमन अवॉर्ड्स 2026 में शुभमन गिल और स्मृति मंधाना को साल के सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर का सम्मान मिला. गिल को पुरुष वर्ग में पॉली उमरीगर अवॉर्ड मिला, जबकि मंधाना को महिला वर्ग में बीसीसीआई का बेस्ट इंटरनेशनल क्रिकेटर चुना गया. 2025 में दोनों खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया.

जय शाह ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर कहा कि कोई भी टीम आईसीसी से बड़ी नहीं है. टूर्नामेंट से पहले बांग्लादेश के हटने और पाकिस्तान के बहिष्कार की धमकी जैसी कई विवादित स्थितियां थीं, लेकिन इसके बावजूद टूर्नामेंट सफल रहा और भारत ने खिताब जीता. शाह ने बताया कि वर्ल्ड कप ने व्यूअरशिप के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए.

IPL 2026 से पहले पूर्व भारतीय क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा ने राजस्थान रॉयल्स के वैभव सूर्यवंशी को लेकर बड़ा बयान दिया है. उथप्पा का मानना है कि इस सीजन में सूर्यवंशी के लिए चुनौती बढ़ेगी क्योंकि अब विरोधी टीमें उनके खेल को समझ चुकी हैं. हालांकि उन्होंने कहा कि यह सीजन युवा बल्लेबाज के लिए सीखने वाला होगा.

संजू सैमसन ने इंडिया टुडे कॉन्क्लेव 2026 में मजाकिया अंदाज में कहा कि अभिषेक शर्मा की लोकप्रियता इतनी बढ़ गई है कि कभी-कभी भारतीय टीम के बाकी खिलाड़ियों को भी जलन होने लगती है. उन्होंने यह भी कहा कि अभिषेक अब टीम के सुपरस्टार बन चुके हैं. वहीं अभिषेक शर्मा ने कहा कि उनका सपना भारत के लिए सभी फॉर्मेट खेलना है.









