
'इंसान हूं, मुझसे भी गलतियां हुई होंगी...', कोहली-रोहित संग रिश्तों पर कोच गौतम गंभीर का बड़ा कबूलनामा
AajTak
विराट कोहली और रोहित शर्मा टेस्ट क्रिकेट और टी20 इंटरनेशनल को अलविदा कह चुके हैं. अब दोनों खिलाड़ियों का फोकस ओडीआई क्रिकेट पर है. कोहली-रोहित को लेकर पूछे गए सवाल पर हेड कोच गौतम गंभीर का जवाब सुर्खियां बटोर रहा है.
भारतीय मेन्स क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने पहली बार ये माना है कि वह दिग्गज बल्लेबाजों विराट कोहली और रोहित शर्मा के साथ अपने रिश्तों को बेहतर तरीके से संभाल नहीं पाए. 16 मार्च (सोमवार) को कोलकाता में आयोजित रेवस्पोर्ट्ज कॉन्क्लेव (Revsportz Conclave) में बोलते हुए गंभीर ने माना कि पिछले डेढ़ साल में उनसे कुछ गलतियां हुई होंगी, लेकिन उनकी नीयत हमेशा सही रही.
गौतम गंभीर ने कहा, 'मैं इंसान हूं और मुझे भी गलतियां करने की अनुमति होनी चाहिए. खिलाड़ियों को भी गलतियां करने का हक है, पिछले 18 महीनों में मुझसे भी गलतियां हुई होंगी और मैं इससे पीछे नहीं हटता. लेकिन मैं हमेशा एक बात मानता हूं कि सही नीयत से लिया गया गलत फैसला भी स्वीकार किया जा सकता है, लेकिन गलत नीयत से लिया गया फैसला ड्रेसिंग रूम में बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है.'
यह भी पढ़ें: ना कोहली, ना रोहित और ना सूर्या... BCCI अवॉर्ड्स में इन खिलाड़ियों का जलवा, देखें विजेताओं की पूरी लिस्ट
गौतम गंभीर ने आगे कहा, 'जब तक मैं अपने ड्रेसिंग रूम के सामने ईमानदारी से खड़ा होकर उनकी आंखों में देखकर बात कर सकता हूं, तब तक मुझे लगता है कि मैं अपनी जिम्मेदारी ठीक से निभा रहा हूं.' गंभीर के कोच बनने के कुछ महीने बाद ही भारत के दो सबसे अनुभवी खिलाड़ियों विराट कोहली और रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया.
यह फैसला बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 में भारतीय टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद आया था. इसके अलावा भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भी उम्मीद के बिल्कुल विपरीत नतीजे मिले. ऐसे में भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) ने टीम के प्रदर्शन की समीक्षा की और कुछ नए दिशा-निर्देश लागू किए.
रोहित शर्मा और विराट कोहली के रेड बॉल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भारतीय टेस्ट टीम में बदलाव का दौर शुरू हो गया. युवा खिलाड़ियों को ज्यादा मौके दिए जाने लगे और टीम की कप्तानी शुभमन गिल को सौंपी गई. गंभीर और शुभमन के अंडर भारत ने इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट सीरीज ड्रॉ किया और वेस्टइंडीज को अपने घर पर हराया. हालांकि साउथ अफ्रीका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में टीम को करारी हार का सामना करना पड़ा.

नई दिल्ली में आयोजित नमन अवॉर्ड्स 2026 में शुभमन गिल और स्मृति मंधाना को साल के सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर का सम्मान मिला. गिल को पुरुष वर्ग में पॉली उमरीगर अवॉर्ड मिला, जबकि मंधाना को महिला वर्ग में बीसीसीआई का बेस्ट इंटरनेशनल क्रिकेटर चुना गया. 2025 में दोनों खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया.

जय शाह ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर कहा कि कोई भी टीम आईसीसी से बड़ी नहीं है. टूर्नामेंट से पहले बांग्लादेश के हटने और पाकिस्तान के बहिष्कार की धमकी जैसी कई विवादित स्थितियां थीं, लेकिन इसके बावजूद टूर्नामेंट सफल रहा और भारत ने खिताब जीता. शाह ने बताया कि वर्ल्ड कप ने व्यूअरशिप के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए.

IPL 2026 से पहले पूर्व भारतीय क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा ने राजस्थान रॉयल्स के वैभव सूर्यवंशी को लेकर बड़ा बयान दिया है. उथप्पा का मानना है कि इस सीजन में सूर्यवंशी के लिए चुनौती बढ़ेगी क्योंकि अब विरोधी टीमें उनके खेल को समझ चुकी हैं. हालांकि उन्होंने कहा कि यह सीजन युवा बल्लेबाज के लिए सीखने वाला होगा.

संजू सैमसन ने इंडिया टुडे कॉन्क्लेव 2026 में मजाकिया अंदाज में कहा कि अभिषेक शर्मा की लोकप्रियता इतनी बढ़ गई है कि कभी-कभी भारतीय टीम के बाकी खिलाड़ियों को भी जलन होने लगती है. उन्होंने यह भी कहा कि अभिषेक अब टीम के सुपरस्टार बन चुके हैं. वहीं अभिषेक शर्मा ने कहा कि उनका सपना भारत के लिए सभी फॉर्मेट खेलना है.









