
'ICC ट्रॉफी चोरी करनी है...', पाकिस्तान की हार के बाद सिर फुटव्वल, कामरान अकमल ने मोहसिन नकवी को जमकर लताड़ा
AajTak
पाकिस्तान को अपने से निचली रैंक की टीम बांग्लादेश के हाथों वनडे सीरीज में शर्मनाक हार झेलनी पड़ी. बांग्लादेश ने 11 साल बाद पाकिस्तान को वनडे सीरीज में हराया है. पाकिस्तान की हार के बाद मोहसिन नकवी आलोचकों के निशाने पर हैं.
बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज में हार के बाद पाकिस्तानी टीम की जमकर आलोचना हो रही है. पूर्व पाकिस्तानी विकेटकीपर बल्लेबाज कामरान अकमल ने टीम के प्रदर्शन पर जमकर नाराजगी जताई. अकमल ने कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट का स्तर काफी नीचे गिर चुका है. रविवार (15 मार्च) को खेले गए तीन मैचों की वनडे सीरीज के निर्णायक मुकाबले में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 11 रनों से हराया और सीरीज 2-1 से जीत ली. इस हार के बाद अकमल ने टीम मैनेजमेंट और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) पर कई गंभीर सवाल उठाए.
कामरान अकमल ने पीसीबी के चेयरमैन मोहसिन नकवी पर भी तंज कसते हुए कहा कि क्या अब आईसीसी ट्रॉफी चोरी करके लाने का इरादा है. बता दें कि एशिया कप 2025 में भारतीय टीम ने फाइनल में पाकिस्तान पर जीत हासिल की थी. खिताबी जीत के बाद भारतीय टीम ने मोहसिन नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया. इसके बाद नकवी ट्रॉफी साथ में लेकर मैदान से निकल गए थे.
यह भी पढ़ें: बांग्लादेश-PAK मैच में फिर विवाद... सीरीज हार के बाद पाकिस्तानी टीम ने दर्ज कराई शिकायत, जानें पूरा मामला
एक टीवी शो 'गेम प्लान' में कामरान अकमल ने कहा कि पाकिस्तान टीम की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि अब नीदरलैंड्स जैसी टीम भी उसे हरा सकती है. उन्होंने कहा, 'खुदा के लिए पाकिस्तान क्रिकेट के बारे में सोचिए. देखिए हम किस स्तर तक गिर चुके हैं. नीदरलैंड्स भी सोच रहा होगा कि अगर उसे पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज खेलने का मौका मिले, तो वह हमें हरा सकता है. आपने अपने क्रिकेट का मजाक बना दिया है.'
कामरान अकमल ने पाकिस्तानी टीम की रणनीति पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि जब पिच बल्लेबाजी के लिए अच्छी थी तो पाकिस्तान ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला क्यों लिया. अकमल के मुताबिक अगर पाकिस्तान पहले बल्लेबाजी करता तो 350 रन तक का बड़ा स्कोर बना सकता था. उन्होंने यह भी कहा कि बांग्लादेश के लिटन दास आखिर में धीमे पड़ गए, जिसकी वजह से मेजबान टीम और बड़ा स्कोर नहीं बना सकी.
कामरान अकमल ने कहा, 'आप मैच हार चुके हैं. आखिर ये कौन से प्रयोग कर रहे हैं. पिच बल्लेबाजी के लिए अच्छी थी. आपने पहले गेंदबाजी क्यों चुनी. पहले बल्लेबाजी क्यों नहीं की. आप 350 रन बना सकते थे. लिटन दास आखिर में धीमे पड़ गए, इसलिए बांग्लादेश 290 पर रुक गया. ये सीरीज का निर्णायक मैच था. जब आप इन टीमों के खिलाफ सीरीज ही नहीं जीत पा रहे हैं तो आगे कैसे बढ़ेंगे. क्या ICC ट्रॉफी चुरा कर ले आनी है.'

14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल डेब्यू पर ही छक्का लगाकर सभी को चौंका दिया था. मैच से पहले राहुल द्रविड़ और संजू सैमसन ने उनसे गेम प्लान पूछा था, जिस पर उन्होंने कहा था कि अगर गेंद उनके एरिया में आई तो उसे छक्का मारेंगे. मैदान पर उन्होंने ठीक वही करके दिखाया और अपने आत्मविश्वास से सबको प्रभावित किया.

नई दिल्ली में आयोजित नमन अवॉर्ड्स 2026 में शुभमन गिल और स्मृति मंधाना को साल के सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर का सम्मान मिला. गिल को पुरुष वर्ग में पॉली उमरीगर अवॉर्ड मिला, जबकि मंधाना को महिला वर्ग में बीसीसीआई का बेस्ट इंटरनेशनल क्रिकेटर चुना गया. 2025 में दोनों खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया.

जय शाह ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर कहा कि कोई भी टीम आईसीसी से बड़ी नहीं है. टूर्नामेंट से पहले बांग्लादेश के हटने और पाकिस्तान के बहिष्कार की धमकी जैसी कई विवादित स्थितियां थीं, लेकिन इसके बावजूद टूर्नामेंट सफल रहा और भारत ने खिताब जीता. शाह ने बताया कि वर्ल्ड कप ने व्यूअरशिप के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए.

IPL 2026 से पहले पूर्व भारतीय क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा ने राजस्थान रॉयल्स के वैभव सूर्यवंशी को लेकर बड़ा बयान दिया है. उथप्पा का मानना है कि इस सीजन में सूर्यवंशी के लिए चुनौती बढ़ेगी क्योंकि अब विरोधी टीमें उनके खेल को समझ चुकी हैं. हालांकि उन्होंने कहा कि यह सीजन युवा बल्लेबाज के लिए सीखने वाला होगा.

संजू सैमसन ने इंडिया टुडे कॉन्क्लेव 2026 में मजाकिया अंदाज में कहा कि अभिषेक शर्मा की लोकप्रियता इतनी बढ़ गई है कि कभी-कभी भारतीय टीम के बाकी खिलाड़ियों को भी जलन होने लगती है. उन्होंने यह भी कहा कि अभिषेक अब टीम के सुपरस्टार बन चुके हैं. वहीं अभिषेक शर्मा ने कहा कि उनका सपना भारत के लिए सभी फॉर्मेट खेलना है.








