
बाबर आजम-फखर जमां की चोट से पाकिस्तान क्रिकेट में हड़कंप... PCB करेगा पूरे मामले की जांच
AajTak
पाकिस्तानी टीम का प्रदर्शन आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कुछ खास नहीं रहा और वो सेमीफाइनल के लिए भी क्वालिफाई नहीं कर पाई थी. बाबर आजम भी इस टूर्नामेंट में कुछ खास नहीं कर पाए थे और रनों के लिए जूझते रहे.
पाकिस्तान क्रिकेट में हर-दिन कुछ ना कुछ एक्शन होता रहता है. अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) पूर्व कप्तान बाबर आजम और सलामी बल्लेबाज और फखर जमां की चोट को लेकर जांच करने जा रहा है. ये दोनों स्टार खिलाड़ी आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान फिट नहीं थे, जिसका खुलासा अब हुआ है.
पाकिस्तानी चयनकर्ता और पूर्व तेज गेंदबाज आकिब जावेद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि चयन समिति को टी20 वर्ल्ड कप के दौरान इन चोटों की जानकारी नहीं थी. उन्होंने बताया कि चयनकर्ताओं ने पीसीबी से इस पूरे मामले की जांच करने का अनुरोध किया है. आकिब ने कहा कि यह पता लगाया जाना चाहिए कि खिलाड़ियों को चोट कब लगी और इसकी जानकारी समय पर क्यों नहीं दी गई. प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके साथ चयन समिति के अन्य सदस्य मिस्बाह उल हक, सरफराज अहमद और असद शफीक भी मौजूद थे.
आकिब जावेद ने कहा, 'फखर जमां भी चोटिल हैं. हमने इस मामले में क्रिकेट बोर्ड से जांच की मांग की है. ऐसा कैसे हो सकता है कि हमें फखर के अनफिट होने का पता वर्ल्ड कप खत्म होने के बाद चला.' उन्होंने यह भी कहा कि टीम के हेड कोच और फिजियो को खिलाड़ियों की फिटनेस के बारे में अपडेट रखना चाहिए.
बाबर क्यों वनडे सीरीज से बाहर रहे? आकिब जावेद ने यह भी स्पष्ट किया कि बाबर आजम को बांग्लादेश के खिलाफ चल रही वनडे सीरीज के लिए पाकिस्तान टीम में क्यों नहीं चुना गया. उनके मुताबिक बाबर अभी चोट से जूझ रहे हैं, इसी वजह से वह बांग्लादेश सीरीज के साथ-साथ घरेलू नेशनल टी20 कप में भी हिस्सा नहीं ले सके.
आकिब जावेद ने कहा, 'बाबर आजम चोटिल हैं, इसलिए उन्हें बांग्लादेश सीरीज के लिए नहीं चुना गया. वह नेशनल टी20 कप खेलना चाहते थे, लेकिन उनकी फिटनेस ने इसकी अनुमति नहीं दी.'
आकिब जावेद ने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर पाकिस्तान टीम वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंच जाती, तो क्या दोनों खिलाड़ी अचानक फिट घोषित कर दिए जाते? आकिब ने यह भी बताया कि चयन समिति ने पहले ही तय कर लिया था कि वर्ल्ड कप के बाद बांग्लादेश दौरे पर युवा खिलाड़ियों को मौका दिया जाएगा. उनके मुताबिक टीम मैनेजमेंट भविष्य के लिए ज्यादा विकल्प तैयार करने के उद्देश्य से नई प्रतिभाओं को मौका दे रहा है.

नई दिल्ली में आयोजित नमन अवॉर्ड्स 2026 में शुभमन गिल और स्मृति मंधाना को साल के सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर का सम्मान मिला. गिल को पुरुष वर्ग में पॉली उमरीगर अवॉर्ड मिला, जबकि मंधाना को महिला वर्ग में बीसीसीआई का बेस्ट इंटरनेशनल क्रिकेटर चुना गया. 2025 में दोनों खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया.

जय शाह ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर कहा कि कोई भी टीम आईसीसी से बड़ी नहीं है. टूर्नामेंट से पहले बांग्लादेश के हटने और पाकिस्तान के बहिष्कार की धमकी जैसी कई विवादित स्थितियां थीं, लेकिन इसके बावजूद टूर्नामेंट सफल रहा और भारत ने खिताब जीता. शाह ने बताया कि वर्ल्ड कप ने व्यूअरशिप के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए.

IPL 2026 से पहले पूर्व भारतीय क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा ने राजस्थान रॉयल्स के वैभव सूर्यवंशी को लेकर बड़ा बयान दिया है. उथप्पा का मानना है कि इस सीजन में सूर्यवंशी के लिए चुनौती बढ़ेगी क्योंकि अब विरोधी टीमें उनके खेल को समझ चुकी हैं. हालांकि उन्होंने कहा कि यह सीजन युवा बल्लेबाज के लिए सीखने वाला होगा.

संजू सैमसन ने इंडिया टुडे कॉन्क्लेव 2026 में मजाकिया अंदाज में कहा कि अभिषेक शर्मा की लोकप्रियता इतनी बढ़ गई है कि कभी-कभी भारतीय टीम के बाकी खिलाड़ियों को भी जलन होने लगती है. उन्होंने यह भी कहा कि अभिषेक अब टीम के सुपरस्टार बन चुके हैं. वहीं अभिषेक शर्मा ने कहा कि उनका सपना भारत के लिए सभी फॉर्मेट खेलना है.









