
IPL 2026 से पहले दिल्ली कैपिटल्स को लगा जोर का झटका... इस दिग्गज ने छोड़ा टीम का साथ
AajTak
आईपीएल टीम दिल्ली कैपिटल्स में मेंटर के तौर पर केविन पीटरसन पिछले सीजन शामिल हुए थे. पीटरसन ने टीम के युवा खिलाड़ियों के साथ मिलकर काम किया और उन्हें खेल की बारीकियां सिखाईं. अब पीटरसन ने टीम का साथ छोड़ दिया है.
28 मार्च से इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन की शुरुआत होने जा रही है. आईपीएल 2026 के लिए दिल्ली कैपिटल्स (DC) भी जोर-शोर से तैयार कर रही है. शुरुआती सीजन से ही आईपीएल में भाग ले रही दिल्ली कैपिटल्स ने अब तक टाइटल नहीं जीता है, लेकिन इस बार वो इस सूखे को खत्म करना चाहेगी.
आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले दिल्ली कैपिटल्स को बड़ा झटका लगा है. टीम के मेंटर केविन पीटरसन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. इंग्लैंड के पूर्व कप्तान पीटरसन ने पिछले साल ही दिल्ली कैपिटल्स के साथ मेंटर के तौर पर जुड़कर युवा खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया था. खासकर युवा बल्लेबाज आशुतोष शर्मा ने पीटरसन की काफी तारीफ की थी और उनके मार्गदर्शन को अपने खेल के लिए बेहद अहम बताया था.
हालांकि यह रिश्ता ज्यादा लंबा नहीं चल पाया. केविल पीटरसन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि वह इस भूमिका के लिए जरूरी समय नहीं दे पा रहे हैं, इसलिए उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के मेंटर पद से हटने का फैसला किया है. पीटरसन ने यह भी साफ किया कि वह आगामी सीजन के दौरान कमेंटेटर के रूप में जरूर नजर आएंगे.
केविन पीटरसन ने लिखा, 'मैं आईपीएल के इस सीजन में दिल्ली कैपिटल्स का मेंटर नहीं बन सकता. इस काम के लिए जितना समय चाहिए, उसके लिए मैं प्रतिबद्ध नहीं हो सकता. सभी खिलाड़ियों को इस सीजन के लिए शुभकामनाएं. हालांकि कमेंट्री बॉक्स में मैं वापस दिखूंगा. आईपीएल दुनिया की सबसे अच्छी लीग है और मैं आप सभी से जल्द मिलने के लिए और इंतजार नहीं कर सकता.'
पिछले आईपीएल सीजन में केविन पीटरसन को आलोचनाओं का भी सामना करना पड़ा था. आईपीएल के बीच ही वह एक हफ्ते की छुट्टी पर मालदीव चले गए थे. जब वह वापस लौटे तो केएल राहुल ने मजाकिया अंदाज में उनसे इस छुट्टी को लेकर चुटकी भी ली थी. माना जा रहा है कि पीटरसन आईपीएल 2026 के दौरान भी कुछ समय का ब्रेक चाहते थे, लेकिन दिल्ली कैपिटल्स इसके लिए तैयार नहीं थी. इसी वजह से उन्होंने मेंटर पद छोड़ने का फैसला किया।.
अब सवाल यह भी है कि क्या दिल्ली कैपिटल्स नया मेंटर नियुक्त करेगी या नहीं. फिलहाल लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के पास भी कोई मेंटर नहीं है. गौतम गंभीर और जहीर खान लखनऊ की टीम में इस भूमिका में रह चुके हैं. दिल्ली कैपिटल्स के पास ज्यादा समय भी नहीं है क्योंकि टीम अपने अभियान की शुरुआत 1 मार्च से करने जा रही है. खैर जो भी हो, आईपीएल 2026 से पहले दिल्ली कैपिटल्स बिना मेंटर के रह गई है, जिससे टीम मैनेजमेंट को नए विकल्प तलाशने पड़ सकते हैं.

नई दिल्ली में आयोजित नमन अवॉर्ड्स 2026 में शुभमन गिल और स्मृति मंधाना को साल के सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर का सम्मान मिला. गिल को पुरुष वर्ग में पॉली उमरीगर अवॉर्ड मिला, जबकि मंधाना को महिला वर्ग में बीसीसीआई का बेस्ट इंटरनेशनल क्रिकेटर चुना गया. 2025 में दोनों खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया.

जय शाह ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर कहा कि कोई भी टीम आईसीसी से बड़ी नहीं है. टूर्नामेंट से पहले बांग्लादेश के हटने और पाकिस्तान के बहिष्कार की धमकी जैसी कई विवादित स्थितियां थीं, लेकिन इसके बावजूद टूर्नामेंट सफल रहा और भारत ने खिताब जीता. शाह ने बताया कि वर्ल्ड कप ने व्यूअरशिप के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए.

IPL 2026 से पहले पूर्व भारतीय क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा ने राजस्थान रॉयल्स के वैभव सूर्यवंशी को लेकर बड़ा बयान दिया है. उथप्पा का मानना है कि इस सीजन में सूर्यवंशी के लिए चुनौती बढ़ेगी क्योंकि अब विरोधी टीमें उनके खेल को समझ चुकी हैं. हालांकि उन्होंने कहा कि यह सीजन युवा बल्लेबाज के लिए सीखने वाला होगा.

संजू सैमसन ने इंडिया टुडे कॉन्क्लेव 2026 में मजाकिया अंदाज में कहा कि अभिषेक शर्मा की लोकप्रियता इतनी बढ़ गई है कि कभी-कभी भारतीय टीम के बाकी खिलाड़ियों को भी जलन होने लगती है. उन्होंने यह भी कहा कि अभिषेक अब टीम के सुपरस्टार बन चुके हैं. वहीं अभिषेक शर्मा ने कहा कि उनका सपना भारत के लिए सभी फॉर्मेट खेलना है.









