
Shahbaz Sharif US Visit: ट्रंप ने शहबाज शरीफ को अमेरिका क्यों बुलाया? भारत संग डील के बीच पाकिस्तान-US में आखिर क्या पक रहा?
ABP News
Shahbaz Sharif: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ अमेरिका दौरे पर हैं . जहां वे वॉशिंगटन डीसी में बोर्ड ऑफ पीस की बैठक में शामिल होंगे और अमेरिकी नेताओं से मुलाकात करेंगे.
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निमंत्रण पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री मोहम्मद शहबाज शरीफ अमेरिका के आधिकारिक यात्रा पर वॉशिंगटन पहुंचे हुए हैं. इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य 19 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले बोर्ड ऑफ पीस के उद्घाटन सत्र में भाग लेना है. यह बैठक अंतरराष्ट्रीय सहयोग और शांति से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श के लिए आयोजित की जा रही है. ध्यान देने वाली बात ये है कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री दौरे पर हैं. बता दें कि भारत के ऊपर लगे टैरिफ को अमेरिका ने 25 से 18 फीसदी कर दिया है, जो सारे एशियाई देशों के मुकाबले काफी कम. इसे डील से पाकिस्तान को काफी मिर्ची लगी थी, क्योंकि उसके ऊपर अमेरिका ने अभी भी 19 फीसदी का टैरिफ लगाया हुआ है.
हालांकि, मौजूदा दौरे की बात करें तो प्रधानमंत्री के साथ उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मोहम्मद इशाक डार (Ishaq Dar) भी मौजूद हैं. उनके साथ अन्य मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा ले रहे हैं. यह प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान की ओर से विभिन्न द्विपक्षीय और बहुपक्षीय बैठकों में भाग लेगा.
अन्य देशों के नेताओं से भी मुलाकात करेंगे
इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री बोर्ड ऑफ पीस के उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे और अमेरिका के वरिष्ठ नेतृत्व के साथ महत्वपूर्ण बैठकें करेंगे. इसके अलावा, वह इस बैठक में भाग लेने वाले अन्य देशों के नेताओं से भी मुलाकात करेंगे. इन बैठकों में पाकिस्तान और अमेरिका के बीच सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों पर चर्चा होगी. साथ ही, वैश्विक स्तर पर शांति, सुरक्षा और आपसी हितों से जुड़े मुद्दों पर भी विचार किया जाएगा. यह यात्रा दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है. इससे आर्थिक, राजनीतिक और रणनीतिक सहयोग को बढ़ावा मिलने की संभावना है.













