
Patna News: मसौढ़ी में देरी के चलते मैट्रिक की छात्रा को सेंटर पर नहीं मिली एंट्री, अब रेलवे लाइन से मिली लाश
ABP News
Patna News: छात्रा कोमल का शव महाराजचक गांव के पास रेलवे ट्रैक के किनारे से मिला है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना भेजा है. पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है.
पटना से सटे मसौढ़ी थाना क्षेत्र में बीते मंगलवार (17 फरवरी, 2026) को मैट्रिक की एक छात्रा ने आत्महत्या कर ली. महाराजचक गांव के समीप रेलवे ट्रैक के बगल से उसकी लाश मिली. लड़की की पहचान कोमल कुमारी (पिता- मंटू यादव) के रूप में की गई है. वह मसौढ़ी के खरजमा गांव की रहने वाली थी.
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को कोमल बरनी स्थित परीक्षा केंद्र पर मैट्रिक की परीक्षा देने के लिए गई थी. वह सेंटर पर करीब 10 मिनट की देरी से पहुंची थी. हालांकि 9 बजे ही गेट बंद हो गया था. इसके बाद हताश होकर वह लौट गई. प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का ही सामने आया है. कोमल महाराजचक स्थित अपने रिश्तेदार के यहां परीक्षा देने के लिए ठहरी थी.
छात्रा के परिजनों का कहना है कि घर आने के बाद कोमल ने कपड़े बदले. इसके बाद बिना कुछ बताए वो घर से निकल गई. देर शाम सूचना मिली कि महाराजचक गांव के पास रेलवे ट्रैक किनारे से एक लाश मिली है. पहुंचने के बाद परिजनों ने उसकी पहचान कोमल के रूप में की.
सूचना मिलते ही मसौढ़ी थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची. खून से लथपथ हालत में लड़की को पहले अनुमंडल अस्पताल भेजा गया. जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों के मुताबिक सिर के पीछे गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण लड़की की मौत हुई है.













