
Moradabad News: यूपी में नेताओं के समधियों के बुरे दिन! दिनेश प्रताप सिंह के बाद अब एसटी हसन के समधी के घर छापा
ABP News
Moradabad News In Hindi: उत्तर प्रदेश स्थित मुरादाबाद में एसटी हसन के समधी के घर और कारोबार पर आयकर विभाग की टीम ने छापा मारा है.
उत्तर प्रदेश में इन दिनों नेताओं के समधियों के दिन बुरे चल रहे हैं. बुधवार को जहां योगी सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के समधी और बहुजन समाज पार्टी के नेता उमाशंकर सिंह के घर पर छापा पड़ा तो वहीं रामपुर में 26 फरवरी, गुरुवार को एक और नेता के समधी के घर इनकम टैक्स की टीम पहुंच गई.
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह से आयकर विभाग की छापेमारी रामपुर के प्रसिद्ध कारोबारी और पूर्व सांसद एंव समाजवादी पार्टी के नेता डॉ एस टी हसन के समधी मुन्नान बब्लू की प्लाईवुड फैक्ट्रियों पर चल रही है.
बताया जा रहा है कि सुबह 10 बजे के करीब लगभग 7 गाड़ियों में दिल्ली से आयकर विभाग के अधिकारी केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ पहुंचे और मुन्नान बबलू की गंज थाना इलाके में स्थित एम आई इंडस्ट्रीज और एम एन इंडस्ट्रीज पर छापा मार दिया और फैक्ट्री परिसर को घेर लिया. थानागंज क्षेत्र के बगी स्थित एमएन इंडस्ट्रीज और एमआई इंडस्ट्रीज समेत बगी बायपास किनारे स्थित एनजी फैक्ट्री में कई घंटों से आयकर की जांच जारी है.
सीआरपीएफ जवानों ने फैक्ट्री के मुख्य गेट पर सुरक्षा संभालते हुए आवाजाही नियंत्रित कर दी है. रामपुर मे मशहूर कारोबारी मुनन खान और बबलू खान की पार्टनरशिप वाली इन प्लाईवुड मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स के ऑफिस के दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं.













