
Milind Rege death: नहीं रहे मुंबई के पूर्व कप्तान मिलिंद रेगे, सुनील गावस्कर के थे बचपन के दोस्त
AajTak
मिलिंद रेगे का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया. पिछले रविवार को 76 साल के हुए रेगे को ब्रीच कैंडी अस्पताल की ICU में भर्ती कराया गया था और बुधवार सुबह करीब 6 बजे उनका निधन हो गया.
मुंबई के पूर्व कप्तान और चयनकर्ता मिलिंद रेगे (Milind Rege) का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया. पिछले रविवार को 76 साल के हुए रेगे को ब्रीच कैंडी अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती कराया गया था. बुधवार सुबह करीब 6 बजे उनका निधन हो गया. उनके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं.
ऑलराउंडर के रूप में खेलने वाले रेगे को 26 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ा था, लेकिन वह क्रिकेट के मैदान पर वापस लौटे और रणजी ट्रॉफी में मुंबई की कप्तानी भी की.
उन्होंने 1966-67 और 1977-78 के बीच 52 प्रथम श्रेणी मैच खेले और अपनी ऑफ स्पिन गेंदबाजी गेंदबाजी से 126 विकेट निकाले. उन्होंने बल्ले से भी योगदान दिया और 23.56 की औसत से 1,532 रन बनाए.
भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर के बचपन के दोस्त रेगे ने गावस्कर के साथ ही स्कूल और कॉलेज में पढ़ाई की और दादर यूनियन स्पोर्टिंग क्लब में उनके साथ खेला.
मुंबई और घरेलू क्रिकेट में सबसे सम्मानित व्यक्तियों में से एक के रूप में रेगे ने अपने करियर के दौरान कई भूमिकाएं निभाईं और क्रिकेट सलाहकार के रूप में मुंबई क्रिकेट संघ (MCA) से भी जुड़े रहे.
नागपुर में विदर्भ के खिलाफ अपना रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल खेल रही मुंबई की क्रिकेट टीम रेगे के सम्मान में तीसरे दिन काली पट्टी बांधकर मैदान में उतरी.

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और सरकार के बीच टकराव बढ़ गया है. खेल मंत्रालय ने चुनाव में गड़बड़ी की जांच के लिए कमेटी बनाई, जिस पर BCB ने 'हस्तक्षेप' का आरोप लगाया. ICC नियमों के चलते बैन का खतरा भी मंडरा रहा है. तमीम इकबाल के आरोपों से विवाद गहराया, जबकि बोर्ड ने जांच समिति खत्म करने की मांग की है.












