
IAS अवि प्रसाद ने डिप्टी सेक्रेटरी से की तीसरी शादी, पहली दो पत्नियां भी रह चुकी हैं कलेक्टर
ABP News
Bhopal News: आईएएस अवि प्रसाद ने 11 फरवरी को आईएएस अधिकारी अंकिता धाकरे से तीसरी शादी की. इससे पहले उनकी दो शादियां आईएएस अधिकारियों से हो चुकी थीं, जो बाद में टूट गईं.
मध्य प्रदेश कैडर के वरिष्ठ अधिकारी अवि प्रसाद इन दिनों अपनी तीसरी शादी को लेकर चर्चा में हैं. हाल ही में उन्होंने 2017 बैच की आईएएस अधिकारी अंकिता धाकरे से विवाह किया. यह शादी 11 फरवरी को कूनो राष्ट्रीय उद्यान में एक निजी समारोह में संपन्न हुई. अंकिता धाकरे वर्तमान में राज्य मंत्रालय में डिप्टी सेक्रेटरी के पद पर कार्यरत हैं.
अवि प्रसाद मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से हैं. उन्होंने यूपीएससी 2014 में ऑल इंडिया रैंक 13 हासिल कर आईएएस सेवा में प्रवेश किया. इससे पहले वे रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया में कार्यरत रह चुके हैं. उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि भी राजनीति से जुड़ी रही है. उनके दादा तंबेश्वर प्रसाद, पूर्व प्रधानमंत्री चरण सिंह की सरकार में मंत्री रह चुके थे.
आईएएस अवि प्रसाद ने दिल्ली में सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के दौरान निकट आईं आईएएस रिजु बाफना से विवाह किया था. लेकिन यह रिश्ता ज्यादा नहीं चला. कुछ ही साल में दोनों अलग हो गए. रिजु बाफना अभी शाजापुर की कलेक्टर हैं. वहीं आंध्र प्रदेश की 2016 बैच की आईएएस अधिकारी मिशा सिंह से उन्होंने दूसरी शादी की. विवाह के बाद मिशा सिंह ने एमपी केडर ले लिया, लेकिन अवि प्रसाद से करीब चार साल में संबंध ठीक नहीं होने से अलग हो गए. मिशा अभी रतलाम कलेक्टर हैं.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रशासनिक सेवा में अवि प्रसाद को एक संवेदनशील और जमीनी अफसर के रूप में जाना जाता है. उन्होंने कुपोषण, शिक्षा और सामाजिक योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए कई जिलों में सराहनीय कार्य किए हैं. वर्तमान में वे मध्य प्रदेश रोजगार गारंटी परिषद के सीईओ के रूप में सेवाएं दे रहे हैं. उनकी तीसरी शादी पूरी तरह आपसी सहमति और निजी निर्णय पर आधारित है. दोनों एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे और भविष्य की योजनाओं को ध्यान में रखते हुए विवाह का फैसला लिया गया.













