
Aurangabad News: औरंगाबाद में जहर खाने से हुई थी 4 नाबालिग लड़कियों की मौत, अब पता चला कारण
ABP News
Aurangabad News: यह घटना 29 जनवरी की है. मरने वाली लड़कियां औरंगाबाद के हसपुरा थाना क्षेत्र की रहने वाली थीं. पांचवीं लड़की के बयान के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ है.
औरंगाबाद के हसपुरा थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव में पांच नाबालिग लड़कियों ने एक साथ जहर खा लिया था. इनमें से चार की हुई मौत हो गई थी. इस पूरे मामले में पुलिस ने खुलासा कर दिया है. जिंदा बची एक नाबालिग से हुई बातचीत और उससे मिली जानकारी के बाद एसडीपीओ अशोक कुमार दास ने जो कारण पता चला उसे बीते सोमवार (09 फरवरी, 2026) को बताया.
एसडीपीओ ने कहा कि लड़कों के साथ मेलजोल रखने की बात पर इनके अभिभावकों ने इन्हें डांटा था. इसी से आहत होकर इन पांचों सहेलियों ने एक साथ जहर खाकर जान देने का फैसला किया था. उन्होंने बताया कि सरस्वती पूजा की शाम इन सबको कुछ लड़कों के साथ घूमते देखा गया था. इसकी सूचना परिजनों को मिली थी. इसी के बाद फटकार लगाई गई थी.
परिजनों की बात से आहत इन लड़कियों ने गांव के पइन के पास जाकर जहर का सेवन कर लिया था. इनमें से चार की वहीं पर मौत हो गई थी जबकि एक लड़की जिंदा बच गई है. यह घटना 29 जनवरी की है. मरने वाली लड़कियों की उम्र 10 से 14 साल के बीच थी. बिना पोस्टमार्टम कराए शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया था.
घटना के दो दिन बाद भी पुलिस को इसकी जानकारी हुई थी. इसके बाद एक तरफ जहां पुलिस जागी तो दूसरी ओर मगध जोन के आईजी भी मौके पर पहुंचे थे. हालांकि उस वक्त मामले की वजह का पता नहीं चल सका था. अनुसंधान के क्रम में इलाजरत बच्ची का पता जैसे ही पुलिस को चला तो वरीय अधिकारी के नेतृत्व में पुलिस टीम पहुंची.













