
AI Impact Summit 2026: पीएम मोदी ने इंडिया AI समिट में पेश किया MANAV विजन, बोले- 'AI से भविष्य, जिम्मेदारी जरूरी'
ABP News
AI Summit 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत मंडपम में इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 का उद्घाटन किया और MANAV विजन पेश किया. उन्होंने AI को मानव केंद्रित और सबके हित में उपयोग करने पर जोर दिया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का उद्घाटन किया. संबोधन में उन्होंने इसे दुनिया की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक एआई समिट में से एक बताया और 140 करोड़ भारतीयों की ओर से सभी प्रतिनिधियों का स्वागत किया.
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस समिट में 100 से अधिक देशों का प्रतिनिधित्व हो रहा है. दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से आए विशेषज्ञ, नीति निर्माता और युवा प्रतिभागी इस आयोजन को नई ऊंचाई दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह समिट ऐसे भारत में हो रही है, जो मानवता के लगभग छठे हिस्से का प्रतिनिधित्व करता है. भारत दुनिया की सबसे बड़ी युवा आबादी वाला देश है, सबसे बड़े टेक टैलेंट पूल का केंद्र है और टेक-इनेबल्ड इकोसिस्टम का एक प्रमुख उदाहरण है.
एआई भविष्य तय करेगी- प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज एआई को जिस दिशा में आगे बढ़ाया जाएगा, वही भविष्य तय करेगी. मशीन लर्निंग से लर्निंग मशीन तक का सफर तेज, गहरा और व्यापक है. इसलिए विजन बड़ा होना चाहिए और जिम्मेदारी भी उतनी ही बड़ी होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि असली प्रश्न यह नहीं है कि भविष्य में एआई क्या कर सकती है, बल्कि यह है कि वर्तमान में हम आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग किस उद्देश्य से और किस दिशा में कर रहे हैं.













