
सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले के बाद ट्रंप की नई धमकी क्या भारत के लिए है?
BBC
ट्रंप ने कहा है कि जो देश सुप्रीम कोर्ट के 'बकवास फ़ैसले' की आड़ में गेम खेलना चाहते हैं, उन्हें और बुरे परिणाम भुगतने होंगे. कहा जा रहा है कि भारत ने ट्रेड डील की वार्ता को अभी टाल दिया है.
अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट ने पिछले हफ़्ते राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ग्लोबल टैरिफ़ को रद्द किया तो ऐसा लग रहा था कि भारत समेत दुनिया भर के कई देश राहत की सांस लेंगे.
ट्रंप ने सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले को शर्मनाक बताया था और जजों पर व्यक्तिगत हमले किए थे. अब ट्रंप उन देशों को चेतावनी दे रहे हैं जो अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले को देखते हुए ट्रेड डील पर फिर से विचार करने के लिए सोच रहे हैं.
सोमवार को ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर एक पोस्ट में उन देशों को धमकी दी है कि उन्हें और बुरे नतीजों का सामना करना पड़ेगा.
ट्रंप ने लिखा है, ''कोई भी देश सुप्रीम कोर्ट के बकवास फ़ैसले की आड़ में हमसे 'गेम खेलना' चाहता है, ख़ासकर वे देश जिन्होंने वर्षों और यहाँ तक कि दशकों तक अमेरिका को छला है, तो उन्हें और उँचे टैरिफ़ का सामना करना होगा. अभी जिस टैरिफ़ पर सहमति बनी है, उससे कहीं ज़्यादा बुरे परिणाम भुगतने होंगे.''
22 फ़रवरी को अमेरिकी मीडिया आउटलेट ब्लूमबर्ग और ब्रिटिश न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स ने ख़बर दी थी कि भारत ने इस हफ़्ते अपना व्यापार प्रतिनिधिमंडल वॉशिंगटन भेजने की योजनाओं को टाल दिया है.
ब्लूमबर्ग और रॉयटर्स का कहना है कि मुख्य रूप से जब अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने टैरिफ़ को रद्द कर दिया है, ऐसे में अनिश्चितता की स्थिति है और इसी को देखते हुए भारत ने इसे टालने का फ़ैसला किया है.













