
सरबजीत कौर: भारत में पहला पति होने का दावा कर रहे शख़्स की याचिका पर लाहौर हाई कोर्ट में हुई सुनवाई
BBC
पाकिस्तान के लाहौर हाई कोर्ट में सरबजीत कौर के कथित भारतीय पति ने याचिका दायर कर उनका पाकिस्तानी नागरिक से हुआ निकाह रद्द करने की मांग की है.
पाकिस्तान के लाहौर हाई कोर्ट में बुधवार को भारत से पाकिस्तान जाकर शादी करने वाली महिला सरबजीत कौर (नूर फ़ातिमा) के निकाह को रद्द करने वाली याचिका पर बुधवार को सुनवाई हुई.
इस याचिका को एक भारतीय शख़्स ने दायर किया है और उनका दावा है कि सरबजीत कौर आज भी उनकी पत्नी हैं, इसलिए उनका पाकिस्तानी नागरिक से हुआ निकाह रद्द किया जाए.
सरबजीत कौर (नूर फ़ातिमा) की मुलाक़ात साल 2016 में टिकटॉक पर पाकिस्तानी नागरिक नासिर से हुई थी. नवंबर 2025 में वो पाकिस्तान आ गई थीं, जहाँ उन्होंने नासिर से शादी कर ली थी.
इस महीने लंबे क़ानूनी मामलों का सामना करने के बाद उन्हें लाहौर में स्थित एक शेल्टर होम से अपने पाकिस्तानी पति के घर जाने की अनुमति मिल गई थी.
लेकिन अब भारतीय नागरिक करनैल सिंह ने अपने वकील अली चंगेज़ी संधू के ज़रिए लाहौर हाई कोर्ट में एक याचिका दाख़िल की है, जिसमें अनुरोध किया गया है कि सरबजीत कौर (नूर फ़ातिमा) और नासिर के निकाह को रद्द किया जाए.
बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
याचिकाकर्ता के वकील का कहना है कि पाकिस्तान की संवैधानिक और शरीयत अदालतों के तय किए गए नियमों के मुताबिक़, किसी महिला को दूसरी शादी करने से पहले अपने देश के क़ानूनों के मुताबिक़ अपने पहले पति से तलाक़ लेना ज़रूरी होता है.













