
सम्राट अशोक: अंग्रेज़ों से भी हज़ारों साल पहले भारत के सबसे बड़े हिस्से पर किया था राज - विवेचना
BBC
मौर्य वंश के शासक सम्राट अशोक ने सत्ता के लिए अपने भाइयों का ख़ून बहाया, कलिंग युद्ध में लाखों लोग मारे गए और फिर उनका हृदय परिवर्तन भी हुआ. अंग्रेज़ों से भी दो हज़ार साल पहले सबसे बड़े भूभाग पर राज करने वाले सम्राट अशोक के उत्थान और पतन की कहानी.
अशोक के बारे में कहा जाता है कि उन्होंने अपने 40 साल के राज में क़रीब-क़रीब पूरे भारतीय उपमहाद्वीप को एक सरकार के अंतर्गत जोड़ दिया था.
तमिलनाडु और केरल को छोड़कर आज का पूरा भारत, आज का पूरा पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान का कम से कम पूर्वी भाग अशोक के अधिकार क्षेत्र में था.
यही नहीं वो एक ऐसे धर्म को विश्वव्यापी धर्म की श्रेणी तक पहुंचाने में भी कामयाब रहे जिसके अनुयायी उस दौर में बहुत कम थे.
उन्होंने ऐसी नैतिक अवधारणाओं का सूत्रपात किया जिनका असर आज तक देखा जा सकता है.
चार्ल्स एलन अपनी किताब 'अशोका द सर्च फॉर इंडियाज़ लॉस्ट एम्परर' में लिखते हैं, "अशोक को सही मायनों में भारत का संस्थापक पिता कहा जा सकता है."
वो पहले शासक थे जिन्होंने भारत को एक राष्ट्र के रूप में पिरोया. इतना ही नहीं महात्मा गाँधी से कहीं पहले उन्होंने ही अहिंसा की अवधारणा की शुरुआत की.
वो शायद दुनिया के पहले राजा थे जिन्होंने एक कल्याणकारी राज्य की स्थापना की.













