
लखनऊ: बेटे पर पिता की हत्या कर शव के टुकड़े ड्रम में छुपाने का आरोप, नीट की तैयारी को लेकर हुआ था विवाद
BBC
पुलिस के मुताबिक़ मानवेंद्र सिंह अपने बेटे को नीट (मेडिकल) परीक्षाओं की तैयारी करने के लिए कहते थे. इसी बात को लेकर पिता-पुत्र में तनाव था और उनके बीच अक्सर विवाद हो जाता था.
(नोट: इस कहानी के कुछ हिस्से आपको विचलित कर सकते हैं.)
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाक़े में 20 फरवरी से गायब एक कारोबारी का धड़ उनके घर से ही एक ड्रम से बरामद किया गया है. शव के कई टुकड़े किए गए थे और कुछ टुकड़े शहर के एक हिस्से में फेंके भी गए थे.
मानवेंद्र प्रताप सिंह 49 साल के थे जालौन के रहने वाले थे और लखनऊ में कारोबार करते थे.
पुलिस ने उनकी हत्या के मामले में उनके बेटे, 21 साल के अक्षत प्रताप सिंह को गिरफ़्तार किया है.
पुलिस उपायुक्त विक्रांत वीर ने कहा, "अक्षत प्रताप सिंह ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि 20 फरवरी को उसके और उसके पिता के बीच विवाद हुआ था. इसके बाद उसने पिता को गोली मार दी."
बीबीसी हिन्दी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
पुलिस ने इस मामले में दर्ज एफ़आईआर का ब्यौरा नहीं साझा किया लेकिन एक बयान में कहा कि "अभियुक्त को पुलिस अभिरक्षा में लेकर आवश्यक पूछताछ और विधिक कार्यवाही की जा रही है."













