
रोहतास की बेटी का बांका के जंगलों में मिला शव, 3 महीने से थी लापता, वनपाल ने रची थी हत्या की साजिश
ABP News
Rohtas News In Hindi: रोहतास जिले के नोखा थाना क्षेत्र के भटोली ग्राम निवासी रमेश राय की बेटी शिवानी अचानक लापता हो गई थी. बांका में कटोरिया के जंगल से मिट्टी के नीचे से युवती का शव मिला.
बिहार के बांका से प्यार, धोखे और कत्ल की एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है. रोहतास जिले से तीन महीने पहले लापता हुई शिवानी कुमारी का शव बुधवार (25 फरवरी) को बांका में कटोरिया के जंगल से मिट्टी के नीचे से बरामद हुआ. पुलिस की मैराथन जांच और लंबी जद्दोजहद के बाद हत्या के इस मामले का खुलासा हुआ. वनपाल पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा है.
इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत विगत 24 नवंबर 2025 को हुई थी, जब रोहतास जिले के नोखा थाना क्षेत्र के भटोली ग्राम निवासी रमेश राय की बेटी शिवानी अचानक लापता हो गई. परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन जब उसका कहीं कुछ पता नहीं चला तो शिवानी की मां ने अपनी बेटी के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई.
शक की सुई कटोरिया वन विभाग में कार्यरत वनपाल प्रिंस कुमार पर थी, जिसे मुख्य आरोपी बनाया गया. पिछले तीन महीनों से पुलिस और परिजन साये की तरह एक-दूसरे का साथ देते हुए सुराग तलाश रहे थे. इसी बीच तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने विगत 13 जनवरी को मुख्य आरोपी प्रिंस कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था.
जेल की सलाखों के पीछे जब पुलिस ने प्रिंस से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने एक ऐसा चौंकाने वाला खुलासा किया जिसे सुनकर पुलिस के भी होश उड़ गए. प्रिंस ने कबूल किया कि उसने अपने तीन सहयोगियों के साथ मिलकर शिवानी की हत्या कर दी थी और सबूत मिटाने के लिए उसके शव को बांका के कटोरिया थाना क्षेत्र स्थित महादेवपुर कोदरातरी जंगल में दफन कर दिया था.













