
रूसी तेल पर पीयूष गोयल ने नहीं दिया कोई जवाब, जानें कौन से अमेरिकी उत्पादों पर टैरिफ़ हटा देगा भारत
BBC
भारत ने कहा है कि इस ट्रेड डील से किसानों के हित प्रभावित नहीं होंगे. वहीं विपक्ष ने इसे अमेरिका के पक्ष में झुका हुआ समझौता क़रार दिया.
भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम ट्रेड डील हो चुकी है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मुताबिक़ इस डील की एक अहम शर्त ये थी कि भारत रूस या रूसी संघ से तेल नहीं खरीदेगा. इसी शर्त पर अमेरिका ने भारत के ख़िलाफ़ लगाए गए 50 फ़ीसदी टैरिफ़ को घटाकर 18 फ़ीसदी किया है.
लेकिन जब शनिवार को भारत के वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील का ब्योरा दे रहे थे तो उन्होंने रूसी तेल की खरीद से जुड़ी शर्त के बारे में जवाब देने से इनकार कर दिया.
उन्होंने कहा, ''मैंने कई बार कहा है, इस सवाल का जवाब विदेश मंत्रालय देगा.''
बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
जबकि दो दिन पहले ही जब समाचार एजेंसी एएनआई ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से ट्रेड डील के ब्योरे के बारे में पूछा था उन्होंने इसके बारे में ज्यादा कुछ बताने से इनकार कर दिया था.
उन्होंने कहा था, ''मुझसे सीधे तौर पर बातचीत नहीं हुई, क्योंकि इस बातचीत को वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल देख रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच बातचीत हुई है. इसके बाद ट्रेड डील को लेकर घोषणाएं हुई हैं. इस समय ट्रेड डील के ब्योरे तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है.''













