
राजस्थान: पूर्व बीजेपी सांसद ने जिन मुस्लिम महिलाओं से कंबल वापस लिए, वे अब क्या कह रही हैं?
BBC
राजस्थान के टोंक-सवाई माधोपुर से लोकसभा के पूर्व सांसद और बीजेपी नेता सुखबीर सिंह जौनापुरिया चर्चा में हैं. इस चर्चा की वजह उनका एक ख़ास समुदाय की महिलाओं को दिया गया कंबल वापस छीनना है.
राजस्थान के टोंक-सवाई माधोपुर से लोकसभा के पूर्व सांसद और बीजेपी नेता सुखबीर सिंह जौनापुरिया के कंबल बाँटने के दौरान मुस्लिम महिलाओं से नाम पूछकर उन्हें दिए हुए कंबल वापस लेने पर विवाद बढ़ गया है.
इन मुस्लिम महिलाओं ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से बातचीत में कहा, ''मुसलमान होने के कारण नाम पूछकर कंबल वापस लेना हमारा अपमान है. धर्म के नाम पर लड़वाने का प्रयास किया गया है. पूर्व सांसद को हमसे माफ़ी मांगनी चाहिए.''
घटना का वीडियो सामने आने के बाद राजस्थान के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने एक टीवी चैनल से बातचीत में इस मामले की जांच करने की बात कही है.
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने इस घटना का वीडियो एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की राजनीति एवं RSS की विचारधारा नफ़रत, ध्रुवीकरण और बांटने की हो, तो ज़मीनी स्तर पर BJP नेताओं का ऐसा घटिया बर्ताव सामने आना आश्चर्य की बात नहीं है."
इस मामले में प्रतिक्रिया के लिए सुखबीर सिंह जौनापुरिया और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ से कई बार संपर्क करने की कोशिश की लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. उनका जवाब आने पर उसे इस लेख में शामिल कर लिया जाएगा.
बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली का कहना है कि जो सांसद रहा हो, उसकी ये हरकत निंदनीय है.













