
ट्रंप के कॉन्फिडेंस में कमी नहीं, लेकिन ईरान के ख़िलाफ़ ये विकल्प क्यों होगा ख़तरनाक?
BBC
ईरान के ख़िलाफ़ जंग के जल्द समाधान की संभावना दिन-ब-दिन कम होती जा रही है और राष्ट्रपति ट्रंप के लिए राजनीतिक नुक़सान का जोखिम भी बढ़ता जा रहा है.
अमेरिका और इसराइल के ईरान के ख़िलाफ़ संयुक्त युद्ध के तीसरे हफ़्ते में डोनाल्ड ट्रंप ऐसे फ़ैसलों का सामना कर रहे हैं जो उनके बाकी के कार्यकाल का स्वरूप तय कर सकते हैं.
लेकिन अगर अमेरिकी राष्ट्रपति एक ऐसे युद्ध से जूझ रहे हैं जो उनके नियंत्रण से बाहर जा सकता है, तो यह चिंता सार्वजनिक तौर पर दिखाई नहीं दे रही है.
सोमवार को व्हाइट हाउस में एक घंटे से ज़्यादा के सार्वजनिक संबोधन में उन्होंने युद्ध की स्थिति के साथ-साथ कैनेडी सेंटर के नवीनीकरण, व्हाइट हाउस में बॉलरूम बनाने की योजना, इस साल के वर्ल्ड कप, एक रिपब्लिकन सांसद की सेहत और कई अन्य मुद्दों पर भी बात की.
ट्रंप की यह खांटी शैली थी, जैसे वह बिना स्क्रिप्ट के अलग-अलग विषयों पर बोलते हैं. पिछले सप्ताहांत उन्होंने फ़्लोरिडा स्थित अपने रिसॉर्ट में गोल्फ़ खेला. वहीं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर उन्होंने ईरान युद्ध जितना ही समय सुप्रीम कोर्ट की आलोचना में भी लगाया.
बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
हालांकि ट्रंप अन्य मुद्दों में व्यस्त दिखते हैं, लेकिन वह उस सच्चाई का सामना कर रहे हैं जिसे पहले के अमेरिकी राष्ट्रपति भी झेल चुके हैं यानी युद्ध उनके बाकी के कार्यकाल पर हावी हो सकता है.
अब यह संकेत मिल रहे हैं कि जिस युद्ध को ट्रंप पहले 'पहले ही जीत लिया गया' और 'पूरी तरह ख़त्म' बता चुके थे, वह कई हफ़्तों या उससे भी ज़्यादा लंबा खिंच सकता है.













