
'मैं टूट गया था, सपने बिखर गए थे...' टी 20 वर्ल्ड कप में प्लेइंग इलेवन के लिए तरसते संजू सैमसन कैसे बने मैच विनर
BBC
टी20 वर्ल्ड कप में संजू सैमसन ने टीम इंडिया के लिए सबसे अहम तीन मुक़ाबले खेले और ऐसी पारियां खेली जो लंबे समय तक क्रिकेट प्रशंसकों को याद रहेंगी.
"न्यूज़ीलैंड सिरीज़ के बाद मैं टूट गया था. मुझे लगा मेरा सपना फिर से बिखर गया है."
जब संजू सैमसन को आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का प्लेयर ऑफ़ द टूर्नामेंट चुना गया तो उनके ज़ेहन में वो यादें ताज़ा हुईं जब वो बुरी तरह बिखर गए थे.
उन्होंने शायद मन ही मन ये स्वीकार कर लिया था कि टीम इंडिया के साथ उनका सफर बस यहीं तक था.
तारीख़ 31 जनवरी, 2026. भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच पांच मैचों की सिरीज़ का आख़िरी मुक़ाबला. टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत से पहले भारतीय टीम का भी आख़िरी मैच.
संजू सैमसन के बल्ले से निकले महज 6 रन. टी20 इंटरनेशनल में लगातार 11वीं पारी में संजू सैमसन अर्धशतक लगाने से चूक चुके थे.
लेकिन उसी मुकाबले में ईशान किशन ने जड़ी सेंचुरी. भारतीय टीम जब 271 रन का बड़ा लक्ष्य खड़ा करने के बाद मैदान पर उतरी तो एक ऐसा वाक्या हुआ जिससे लगा कि संजू सैमसन के भारत के लिए वर्ल्ड कप में खेलने का ख्वाब अधूरा ही रह जाएगा.
संजू सैमसन अपनी विकेटकीपिंग किट लेकर बाउंड्री पार करने वाले ही थे कि टीम मैनेजमेंट से एक इशारा मिला. इशारा ये कि आज आप विकेटकीपिंग नहीं करेंगे, कीपिंग का जिम्मा संभालेंगे शतक लगाने वाले ईशान किशन.













