
मरने से पहले ईरान के युवक का वीडियो मैसेज, ट्रंप से क्यों कहा- 'कोई समझौता मत करना...'
ABP News
Iran Man Video Message: ईरान के बुशेहर शहर के रहने वाले पूरिया हामिदी नाम के युवक ने एक वीडियो जारी करने के बाद कथित तौर पर खुदकुशी कर ली.
Iran Man Video Message: ईरान के दक्षिणी बंदरगाह शहर बुशेहर के रहने वाले एक युवक ने कथित तौर पर खुदकुशी कर ली है. इससे पहले उसने एक वीडियो जारी किया था, जिसमें उसने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और पश्चिमी देशों से अपील की थी कि वे ईरान की मौजूदा सरकार से कोई भी समझौता न करें. यह जानकारी विपक्ष से जुड़े मीडिया और कुछ क्षेत्रीय अखबारों की रिपोर्ट के हवाले से सामने आई है. ईरान इंटरनेशनल ने भी इस बारे में रिपोर्ट की है.
इस युवक की पहचान ईरानी मीडिया और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पूरिया हामिदी के रूप में की है. उसने करीब 10 मिनट का एक वीडियो अंग्रेजी में रिकॉर्ड किया था, जो बीते सप्ताहांत सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.
वीडियो में क्या कहा पूरिया हामिदी ने
वीडियो की शुरुआत में उसने कहा, 'अगर आप यह देख रहे हैं, तो मैं अब इस दुनिया में नहीं हूं.' उसने बताया कि वह यह वीडियो इसलिए बना रहा है ताकि दुनिया का ध्यान ईरान में हुए कथित दमन की तरफ जाए. उसने कहा कि हाल के विरोध प्रदर्शनों के दौरान ईरानी सरकार ने लोगों पर सख्त कार्रवाई की और बहुत बड़ी संख्या में लोग मारे गए.













