
'भारत चाहता था बांग्लादेश खेले, PAK ने किया गुमराह...', T20 वर्ल्ड कप विवाद पर BCCI का बयान
AajTak
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने अपनी टीम को टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत भेजने से मना कर दिया था. बीसीबी ने अपनी टीम के मुकाबले श्रीलंका में शिफ्ट करने की मांग की थी, लेकिन उसकी मांग नहीं सुनी गई. बीसीबी जिद पर अड़ा रहा, जिसके बाद आईसीसी ने कड़ा कदम उठाया.
भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने साफ तौर पर कहा है कि भारत चाहता था कि बांग्लादेश ICC मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेले और टीम को भारत में पूरी सुरक्षा देने की गारंटी दी गई थी. यह बयान ऐसे समय आया है, जब सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए भारत आने से इनकार करने के बाद बांग्लादेश को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने टी20 वर्ल्ड कप से बाहर कर दिया. उसकी जगह अब स्कॉटलैंड को ग्रुप-सी में शामिल किया गया है
आगामी टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी भारत और श्रीलंका संयुक्त रूप से करने जा रहे हैं. तय कार्यक्रम के अनुसार, बांग्लादेश को अपने चारों लीग मैच भारत में खेलने थे. इनमें तीन मुकाबले कोलकाता और एक मैच मुंबई में होने थे. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बीसीसीआई के निर्देश पर मुस्ताफिजुर रहमान को अपनी टीम से रिलीज कर दिया.
इसके बाद ही बवाल बढ़ा और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने अपनी टीम को टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत भेजने से इनकार कर दिया. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड अपने फैसले पर अड़ा रहा. ICC ने कई बार बांग्लादेश से आग्रह किया, लेकिन बात नहीं बनी और अंततः उसे टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा.
राजीव शुक्ला ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, 'बांग्लादेश की बात करें, तो हमने तो चाहा था कि बांग्लादेश खेले. हमने उनको भरोसा दिया कि पूरी सिक्योरिटी दी जाएगी, किसी तरह की कोई समस्या नहीं होगी. पूर्ण सुरक्षा प्रदान की जाएगी, लेकिन उनका फैसला रहा. वो कह रहे थे कि यहां हम नहीं खेलेंगे, हमारी सरकार कह रही है हम टीम नहीं भेज सकते और हम सिर्फ कोलंबो में ही खेलेंगे. पूरे शेड्यूल को लास्ट मोमेंट पर बदलना बहुत कठिन काम है. ये उनका फैसला था. तब जाकर आईसीसी ने स्कॉटलैंड को लाया. ये तो बांग्लादेश को सोचना चाहिए था. हम तो यही चाहते थे कि वो खेलें.'
बीसीसीआई के उपाध्यक्ष ने इस पूरे मामले में पाकिस्तान की भूमिका पर भी सवाल उठाए. राजीव शुक्ला ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान ने बांग्लादेश को गुमराह किया और बिना वजह समर्थन देने का भरोसा दिलाया. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने भारत-पाकिस्तान मैच के बहिष्कार की धमकी दी है, जबकि आईसीसी पहले ही साफ कर चुका है कि ऐसा करने पर कड़ी कार्रवाई हो सकती है.
'पाकिस्तान ने बांग्लादेश को उकसाया...' राजीव शुक्ला कहते हैं, 'पाकिस्तान इसमें बेवजह पड़ा हुआ है. बांग्लादेश को उकसाने में पाकिस्तान का रोल बहुत बड़ा है. पाकिस्तान को ये सब नहीं करना चाहिए. पाकिस्तान ने बांग्लादेशियों के साथ क्या ज्यादती की है, ये दुनिया जानती है. बांग्लादेशी जानते हैं कि कितनी बड़ी ज्यादती उनके साथ की. तब मुल्क वो अलग हुआ था. अब उनके हमदर्द बन गलत रास्ते पर ले जाने की कोशिश कर रहे हैं, जो गलत है.'

बायकॉट के बाद इंजरी बम... IPL 2026 से पहले ही KKR हुई बेदम, SRK की टीम में अब केवल 3 पेसर्स का ऑप्शन
IPL 2026 से पहले KKR को तेज गेंदबाजी में बड़ा झटका लगा है. मुस्तफिजुर रहमान के रिलीज होने के बाद हर्षित राणा सर्जरी के कारण लगभग बाहर हैं, जबकि मथीशा पथिराना चोट से जूझ रहे हैं. ऐसे में टीम का पेस अटैक कमजोर पड़ गया है और कप्तान अजिंक्य रहाणे के सामने सही कॉम्बिनेशन ढूंढने की बड़ी चुनौती है.

PSL पर मंडराया ईरान-US तनाव का असर, विदेशी खिलाड़ी हटेंगे? पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने तोड़ी चुप्पी
PSL (पाकिस्तान सुपर लीग) 11 से पहले विदेशी खिलाड़ियों की सुरक्षा और यात्रा को लेकर उठे सवालों पर PCB ने साफ किया कि सभी इंतजाम पूरे हैं. ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के आने में कोई दिक्कत नहीं होगी. मिडिल ईस्ट में तनाव और अफगान बॉर्डर की स्थिति के बावजूद टूर्नामेंट तय समय पर होगा और इसमें पहले से ज्यादा विदेशी खिलाड़ी हिस्सा लेंगे.

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और सरकार के बीच टकराव बढ़ गया है. खेल मंत्रालय ने चुनाव में गड़बड़ी की जांच के लिए कमेटी बनाई, जिस पर BCB ने 'हस्तक्षेप' का आरोप लगाया. ICC नियमों के चलते बैन का खतरा भी मंडरा रहा है. तमीम इकबाल के आरोपों से विवाद गहराया, जबकि बोर्ड ने जांच समिति खत्म करने की मांग की है.










