
भारत के साथ मैच खेलने के फ़ैसले पर क्या कह रहे हैं पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर, बीसीसीआई क्या बोली?
BBC
भारत के ख़िलाफ़ मैच के बायकॉट के फ़ैसले को वापस लेने पर पाकिस्तान में भी चर्चा है. वहां क्रिकेट से जुड़े लोग इसे किसकी जीत बता रहे हैं. भारत में पाकिस्तान के इस फ़ैसले पर लोग क्या कह रहे हैं?
टी-20 वर्ल्ड कप में भारत के ख़िलाफ़ मैच के बायकॉट का जो फ़ैसला पाकिस्तान ने लिया था वो अब वापस ले लिया है और इसे लेकर पाकिस्तान में भी काफ़ी चर्चा है.
कई पाकिस्तानी क्रिकेटर इसे 'पाकिस्तान की जीत' बता रहे हैं.
जियो न्यूज़ के एक कार्यक्रम में शिरकत करते हुए पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर राशिद लतीफ़ ने कहा, "श्रीलंका के राष्ट्रपति ने पाकिस्तान को इस फ़ैसले के लिए शुक्रिया कहा. यानी बात खेल से आगे निकल गई थी क्योंकि सरकारें इस मसले पर इनवॉल्व हो रही थीं. बांग्लादेश और हमारे जो दूसरे एसोसिएट क्रिकेट मेंबर हैं उनके हित के लिए पाकिस्तान का ये फ़ैसला ज़रूरी था क्योंकि भारत-पाकिस्तान मैच से जो रेवेन्यू जेनरेट होता है उससे इन सदस्य देशों को भी पैसा मिलता है."
लतीफ़ ने कहा, "हमने उनके लिए ये किया. पाकिस्तान ने आईसीसी को घुटनों पर ला दिया. इसका असर अगर अभी नहीं तो आगे ज़रूर पड़ेगा और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में हमारी अहमियत और बढ़ेगी."
क्रिकेटर अहमद शहज़ाद ने कहा, "हमने बहुत परिपक्व फ़ैसला लिया. बांग्लादेश को इस टूर्नामेंट से जो नुकसान हुआ उसका उन्हें हर्जाना मिलना ज़रूरी था, जो उन्हें मिला. हमने अपने मित्र देशों के लिए भारत के ख़िलाफ़ खेलने का फ़ैसला किया. हम चाहते तो रेवेन्यू शेयरिंग में अपना हिस्सा बढ़ाकर मांग सकते थे लेकिन हमने ऐसा नहीं किया और डिग्निटी को अहमियत दी."
अहमद शहज़ाद ने कहा, "अब इस मसले पर राजनीति नहीं होनी चाहिए और बात यहीं ख़त्म कर देनी चाहि ए. किसी को ये नहीं कहना चाहिए कि हम जीत गए या वो जीत गए."
वहीं पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर सिकंदर बख़्त ने कहा, "भारत को हमसे इतनी ही दिक़्क़त थी तो वो हमसे मैच खेलने से मना कर देता. लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया. पाकिस्तान को मैच खेलने के लिए आईसीसी ने मनाया यानी उन्हें पता था कि पाकिस्तान के बिना क्रिकेट चल ही नहीं सकता. हम क्रिकेट के लिए ज़रूरी हैं. हमने ये फ़ैसला लिया तो अपने दोस्त देशों की ख़ातिर. ये बहुत अच्छा फ़ैसला है और इस मामले में हमारी जीत हुई है."













